उपायुक्त व एसएसपी ने किया फुल ड्रेस रिहर्सल का निरीक्षण राष्ट्रीय गीत “वंदे मातरम्” के बाद उपायुक्त ने फहराया तिरंगा

उपायुक्त व एसएसपी ने किया फुल ड्रेस रिहर्सल का निरीक्षण

राष्ट्रीय गीत “वंदे मातरम्” के बाद उपायुक्त ने फहराया तिरंगा

डीजे न्यूज, धनबाद: स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को लेकर गुरुवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन एवं वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने संयुक्त रूप से मुख्य समारोह स्थल, रणधीर वर्मा स्टेडियम में फुल ड्रेस रिहर्सल का निरीक्षण किया।

इस अवसर पर दोनों अधिकारियों ने सीआरपीएफ, सीआइएसएफ, झारखंड सशस्त्र पुलिस बल – 3, जिला सशस्त्र बल पुरुष, जिला सशस्त्र बल महिला, होमगार्ड, ग्रामीण पुलिस, एनसीसी बॉयज, एनसीसी गर्ल्स, भारतीय स्काउड एवं गाईड के प्लाटून का निरीक्षण किया।

इसके बाद राष्ट्रीय गीत “वंदे मातरम्” का गायन हुआ। तत्पश्चात उपायुक्त ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद स्कूली बच्चों ने राष्ट्रगान गाया।

वहीं निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और सटीक तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा सुविधा, मंच सज्जा और अतिथियों के स्वागत से संबंधित सभी व्यवस्थाएं उच्च स्तर की होनी चाहिए।

इस अवसर पर वरीय पुलिस अधीक्षक ने पुलिस बल एवं यातायात कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि समारोह के दिन किसी भी प्रकार की भीड़-भाड़ या अव्यवस्था न हो तथा सभी आगंतुकों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाए।

उल्लेखनीय है कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शहीद रणधीर वर्मा स्टेडियम में पूर्वाह्न 9:00 बजे उपायुक्त द्वारा झंडोत्तोलन किया जाएगा। इसके बाद धनबाद समाहरणालय में 10:00 बजे पूर्वाह्न, मिश्रित भवन में 10:20 बजे पूर्वाह्न, अनुमंडल पदाधिकारी कार्यालय में 10:30 बजे पूर्वाह्न, गांधी सेवा सदन 10:40 बजे पूर्वाह्न, रेड क्रॉस सोसाइटी में 10:50 बजे पूर्वाह्न तथा पुलिस लाइन धनबाद में 11:00 बजे पूर्वाह्न में झंडोत्तोलन किया जाएगा।

फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान किड्स गार्डन स्कूल झरिया की छात्राओं ने बैंड, सरस्वती शिशु मंदिर कतरास की छात्राओं ने राष्ट्रगान तथा पीएम श्री कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय झरिया की छात्राओं ने बैंड डिस्प्ले किया।

मौके पर अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर अरविंद कुमार ओझा, निदेशक डीआरडीबी राजीव रंजन, जिला आपूर्ति पदाधिकारी पंकज कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी अभिषेक झा, उप निर्वाचन पदाधिकारी कालिदास मुंडा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी  सुनिल कुमार सिंह, मुख्य परेड कमांडर सार्जेंट मेजर अवधेश कुमार, द्वितीय परेड कमांडर सार्जेंट लक्ष्मण प्रसाद मेहता, बिगुलर विकास कुमार प्रसाद सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top