निर्धारित समय सीमा के भीतर लंबित कार्यों को पूर्ण करने का निर्देश

निर्धारित समय सीमा के भीतर लंबित कार्यों को पूर्ण करने का निर्देश

डीजे न्यूज, धनबाद: समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त सह उप मुख्य कार्यकारी अधिकारी जरेडा आदित्य रंजन की अध्यक्षता में गुरुवार को झरिया पुनर्वास एवं विकास प्राधिकार (JRDA) के तहत संचालित कार्यों को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त सन्नी राज सहित JRDA के वरीय अधिकारी, विभिन्न विभागाध्यक्ष एवं संबंधित कार्यकारी एजेंसियों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान संशोधित झरिया मास्टर प्लान (RJMP) के अंतर्गत पुनर्वास एवं समग्र विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर बिंदुवार समीक्षा की गई। इसमें मुख्य रूप से बेलगड़िया में अप्रोच रोड, बाउंड्री वॉल, असैनिक (Civil) कार्य, विद्युत एवं यांत्रिक (E&M) तथा पावर इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े कार्यों की स्थिति, शिक्षा, स्वास्थ्य, आंगनबाड़ी केंद्र, जलापूर्ति, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP), सुरक्षा व्यवस्था एवं कौशल विकास कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई।

इसके अलावा प्रभावित परिवारों की शिफ्टिंग, भूमि से संबंधित मुद्दे, नजारत में लंबित मामले, निविदाओं  की स्थिति तथा पीएमओ समीक्षा से जुड़े बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

उपायुक्त आदित्य रंजन ने सभी संबंधित विभागों, वेंडरों एवं कार्यकारी एजेंसियों को आपसी समन्वय स्थापित कर प्रत्येक परियोजना के लिए निर्धारित टाइमलाइन (डेडलाइन) के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनहित से जुड़ी इन सभी योजनाओं एवं लंबित कार्यों को तय समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे क्षेत्र में जाकर कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करें और अगली बैठक में अद्यतन प्रगति प्रतिवेदन के साथ उपस्थित होना सुनिश्चित करें।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top