दिल्ली पुलिस की लेडी सिंघम किरण सेठी ने कार्मेल स्कूल की बेटियों को सिखाए आत्मरक्षा के गुर
इनर व्हील सनशाइन, इनर व्हील पर्ल्स एवं रोटरी क्लब गिरिडीह का संयुक्त आयोजन
डीजे न्यूज, गिरिडीह : आज के समय में बेटियां पढ़ाई, करियर और अन्य कार्यों के लिए घर से बाहर निकल रही हैं। ऐसे में उन्हें अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक और आत्मनिर्भर बनाना बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से इनर व्हील क्लब ऑफ गिरिडीह सनशाइन, इनर व्हील क्लब ऑफ गिरिडीह पर्ल्स एवं रोटरी क्लब ऑफ गिरिडीह द्वारा कार्मेल स्कूल के सीनियर विंग में Self Defence Awareness Camp का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में कक्षा 8वीं, 9वीं एवं 10वीं की छात्राओं को दिल्ली पुलिस की चर्चित ‘लेडी सिंघम’ किरण सेठी, सब-इंस्पेक्टर, दिल्ली पुलिस ने आत्मरक्षा के व्यावहारिक तरीके सिखाए। उन्होंने छात्राओं को संकट के समय सतर्क रहने, आत्मविश्वास के साथ परिस्थितियों का सामना करने तथा स्वयं को सुरक्षित रखने की तकनीकें बताईं। साथ ही सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण कानूनी जानकारी एवं आपातकालीन हेल्पलाइन के बारे में भी जानकारी दी।
इनर व्हील क्लब ऑफ गिरिडीह सनशाइन की प्रेसिडेंट राखी झुनझुनवाला ने कहा कि आज के समय में हर लड़की के लिए सेल्फ डिफेंस केवल एक हुनर नहीं, बल्कि उसकी सुरक्षा और आत्मविश्वास की जरूरत है। बेटियाँ निडर होकर आगे बढ़ें और आवश्यकता पड़ने पर अपनी सुरक्षा स्वयं कर सकें, इसी उद्देश्य से इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कार्मेल स्कूल की प्राचार्या Sister Tresilda, प्रोजेक्ट चेयर रोटेरियन पूनम सहाय, पास्ट डीजीपी शिवप्रकाश बगड़िया, ए. पी. रवी चूड़ीवाला, सनशाइन की प्रेसिडेंट राखी झुनझुनवाला, सेक्रेटरी संगीता सिन्हा, आईपीपी कविता राजगढ़िया, सीजीआर सोनाली तारवे, वाइस प्रेसिडेंट स्मृति आनंद, आईएसओ नमिता जमुआर तथा सदस्य विभूति, रंजना, तनुजा सहाय एवं मनीषा कपिश्वे, पर्ल्स की प्रेसिडेंट प्रीति भास्कर एवं सेक्रेटरी नमिता वर्मा सहित दोनों क्लबों एवं रोटरी के सदस्य उपस्थित रहे।
छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ सेल्फ डिफेंस की तकनीकें सीखीं और ‘लेडी सिंघम’ किरण सेठी से सवाल भी किए। कार्यक्रम के अंत में उनके साथ तस्वीरें लेने को लेकर छात्राओं में खासा उत्साह दिखा। यह आयोजन “सतर्क रहें, आत्मविश्वासी बनें और अपनी सुरक्षा के लिए स्वयं सक्षम बनें” के सशक्त संदेश के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।