कतरास में सड़क हादसे में अखबार विक्रेता की मौत
स्कार्पियो ने रौंदा, विरोध में सड़क जाम
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद): कतरास थाना क्षेत्र के शाखाटांड़ रेलवे फाटक के समीप बुधवार को स्कॉर्पियो की चपेट में आकर ढांगी बस्ती निवासी आनंद महतो (45 वर्ष) की मौत हो गई। मृतक हॉकर था। घटना से आक्रोशित ढांगी बस्ती के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और एनएच 32 को जाम कर दिया। सड़क जाम के कारण वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना पाकर बाघमारा सीओ गिरजानंद किस्कू, कतरास थानेदार अपने सहयोगियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाने तथा दोषी वाहन चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद ग्रामीण शांत हुए और यातायात सुचारू हो पाया। मृतक प्रतिदिन की भांति अखबार बांटकर घर लौट रहा था। इसी क्रम में स्कार्पियो ने आनंद को अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कार्पियो ने उसे काफी दूर तक घसीटते हुए ले गया। इससे उनका चेहरा पूरी तरह क्षत विक्षत हो गया।