छात्रों की आवाज को बल से नहीं, संवाद से सुने सरकार : राजकुमार राज
डीजे न्यूज, रांची : राजधानी रांची में विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों पर पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज की घटना पर राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार राज ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अपनी जायज मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से आवाज उठाना हर नागरिक, खासकर छात्रों का अधिकार है। ऐसे में समस्याओं का समाधान बल प्रयोग के बजाय बातचीत और सकारात्मक पहल के माध्यम से किया जाना चाहिए।
राजकुमार राज ने कहा कि छात्र किसी भी राज्य की सबसे बड़ी ताकत और भविष्य होते हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं, नियुक्तियों और परीक्षा व्यवस्था से जुड़ी उनकी मांगों एवं समस्याओं को गंभीरता से सुनना सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यदि छात्रों को किसी परीक्षा या नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर असंतोष या आशंका है, तो सरकार को उनके प्रतिनिधियों के साथ वार्ता कर उनकी शंकाओं का समाधान करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि आंदोलन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन का दायित्व है, लेकिन लाठीचार्ज किसी समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सकता। उन्होंने पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष समीक्षा कराने की मांग करते हुए कहा कि यदि किसी छात्र को चोट लगी है तो उसके समुचित इलाज की व्यवस्था सरकार को करनी चाहिए।
रालोजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि छात्रों की जायज मांगों पर सरकार को संवेदनशीलता और सहानुभूति के साथ विचार करना चाहिए। छात्र आंदोलन को राजनीतिक चश्मे से देखने के बजाय इसे युवाओं की चिंता और उनके भविष्य से जोड़कर देखना जरूरी है।
उन्होंने छात्रों से भी अपील की कि वे अपनी मांगों को लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से रखें तथा किसी भी प्रकार की हिंसा या सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने से बचें।
राजकुमार राज ने कहा कि सरकार और छात्रों के बीच टकराव की स्थिति किसी के हित में नहीं है। जरूरत इस बात की है कि दोनों पक्ष संवाद की मेज पर बैठकर ऐसा समाधान निकालें, जिससे छात्रों का भविष्य सुरक्षित हो और प्रतियोगी परीक्षाओं व नियुक्ति प्रक्रिया के प्रति युवाओं का विश्वास मजबूत हो।