मुख्यमंत्री के खिलाफ अभद्र टिप्पणी पर झामुमो में उबाल
जोड़ापोखर थाना में दी लिखित शिकायत, कार्रवाई की मांग
डीजे न्यूज, धनबाद: सोशल मीडिया पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणी करने का मामला सामने आया है। इस घटना से आक्रोशित झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेताओं ने मंगलवार को जोड़ापोखर थाना पहुंचकर आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई और कानूनी कार्रवाई की मांग की । जेएमएम नेता आशीष सिन्हा और मदन राम के नेतृत्व में पार्टी का प्रतिनिधिमंडल ने जोड़ापोखर थाना प्रभारी उदय कुमार गुप्ता को इस संबंध में एक लिखित आवेदन सौंपा।
जेएमएम नेता आशीष सिन्हा ने बताया कि “झरिया धनबाद ब्लैक डायमंड सिटी” नामक एक फेसबुक ग्रुप में विनय विश्वकर्मा नाम के व्यक्ति ने मुख्यमंत्री के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक, अभद्र और अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए एक पोस्ट शेयर की है।
सिन्हा का कहना है कि इस तरह की अभद्र टिप्पणी से न सिर्फ मुख्यमंत्री के पद की गरिमा को ठेस पहुंची है, बल्कि आम जनता की भावनाओं को भी गहरा आघात लगा है। यह कृत्य सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने और सार्वजनिक शांति को भंग करने की एक सोची-समझी कोशिश है। शिकायतकर्ता ने आवेदन के साथ सबूत के तौर पर संबंधित विवादित पोस्ट का स्क्रीनशॉट भी पुलिस को सौंपा है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।