केंद्र की आर्थिक नीतियों के खिलाफ धनबाद में प्रदर्शन
डीजे न्यूज, धनबाद: संयुक्त किसान मोर्चा, केंद्रीय ट्रेड यूनियनों और स्वतंत्र यूनियनों के संयुक्त मंच के बैनर तले धनबाद के जिला परिषद मैदान से बीएसएनल ऑफिस तक जोरदार विरोध प्रदर्शन व पैदल मार्च निकाला गया। प्रदर्शनकारियों ने बीएसएनल ऑफिस के समीप मुख्य मार्ग पर धरना दिया। नेताओं ने केंद्र की कॉर्पोरेट-परस्त आर्थिक नीतियों, अमेरिकी व्यापारिक दबाव और आईएमएफ-विश्व बैंक की शर्तों का कड़ा विरोध करते हुए कहा कि जनविरोधी नीतियों के कारण देश का किसान, मजदूर और युवा संकट में है। प्रदर्शनकारियों ने मांग किया कि सभी कृषि उपज पर MSP की कानूनी गारंटी, किसानों की संपूर्ण कर्जमाफी, सभी के लिए खाद्य, स्वास्थ्य, शिक्षा, आवास व पेंशन की व्यवस्था। साथ ही सम्मानजनक न्यूनतम मजदूरी, मनरेगा सुदृढ़ीकरण, शहरी रोजगार गारंटी, सिंचाई सुविधा, विस्थापन से पूर्व पुनर्वास और अस्थायी/अनुबंध कर्मचारियों के नियमितीकरण की मांग की गई। चारों मजदूर-विरोधी लेबर कोड्स, प्रस्तावित विभिन्न संशोधन विधेयक 2025, बेलगाम निजीकरण और नौकरियों के ठेकाकरण को तुरंत बंद करने की मांग उठाई गई।