SIR अभियान को लेकर तेलोडीह में प्रशिक्षण

SIR अभियान को लेकर तेलोडीह में प्रशिक्षण

डीजे न्यूज,पचंबा, गिरिडीह: तेलोडीह पंचायत सचिवालय में रविवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर चार पंचायतों—तेलोडीह, खावा, जीतपुर और करहरबारी—के BLO, फ्रंटलाइन वर्कर एवं जनप्रतिनिधियों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में मतदाता सूची के पुनरीक्षण के दौरान सामने आ रही अनोमालिज (Anomalies), नोटिस प्रक्रिया और दस्तावेजों के सत्यापन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।

प्रखंड विकास पदाधिकारी गणेश रजक ने प्रशिक्षण के दौरान कहा कि जिन मतदाताओं को SIR के तहत नोटिस जारी किया जाएगा, उन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर नोटिस का जवाब देना अनिवार्य होगा। उन्होंने BLO एवं अन्य संबंधित कर्मियों को दस्तावेजों के सत्यापन, रिकॉर्ड अपडेट करने तथा मतदाता सूची में दर्ज त्रुटियों के सुधार की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

तेलोडीह पंचायत के मुखिया शब्बीर आलम ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए SIR अभियान को गंभीरता और पारदर्शिता के साथ पूरा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि शुद्ध मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूत नींव है। इसलिए सभी BLO एवं फ्रंटलाइन वर्कर घर-घर जाकर सही जानकारी जुटाएं और मतदाताओं को नोटिस प्रक्रिया तथा समय पर जवाब देने के संबंध में जागरूक करें।

उन्होंने आवश्यक दस्तावेजों, नोटिस की प्रक्रिया और पंचायत स्तर पर बेहतर समन्वय स्थापित कर अभियान को सफल बनाने को लेकर भी कई महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।

बैठक में बताया गया कि 24 अगस्त को तेलोडीह पंचायत सचिवालय में जाति, आवासीय एवं जन्म प्रमाणपत्र बनाने के लिए विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा। पंचायतवासियों से अपील की गई कि वे शिविर में पहुंचकर आवश्यक प्रमाणपत्र बनवा लें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की प्रशासनिक या दस्तावेजी परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के अलावा BLO, फ्रंटलाइन वर्कर एवं अन्य संबंधित कर्मी मौजूद रहे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top