टाटा सिजुआ कोलियरी में राकोमयू चुनाव की प्रक्रिया गहमागहमी के बीच शुरू
वोटिंग के लिए लगी लंबी कतारें, देर रात तक परिणाम
डीजे न्यूज, सिजुआ(धनबाद): टाटा सिजुआ कोलियरी में राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर यूनियन के विभिन्न पदों के लिए रविवार को मतदान की प्रक्रिया शुरू हुई। सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक टाटा कर्मी मतदान करेंगे। इसके बाद मतगणना और देर शाम तक चुनावी नतीजे घोषित किए जाएंगे। सिजुआ कोलियरी शाखा में अध्यक्ष पद के एक, सचिव -एक, कोषाध्यक्ष-एक, उपाध्यक्ष-चार तथा सहायक सचिव के तीन पदों के लिए कुल 469 मतदाता वोटिंग करेंगे। इन सभी पदों के लिए कुल 41 प्रत्याशी चुनावी दंगल में भाग्य आजमा रहे हैं। सिजुआ कोलियरी कैंटीन में मतदान करने के लिए आज सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें लग गई। बता दें कि टाटा कंपनी में राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर यूनियन ही एकमात्र मान्यता प्राप्त यूनियन है। सिजुआ कोलियरी शाखा के लिए हो रहे चुनाव में इसी कोलियरी में कार्यरत कर्मी मतदान में हिस्सा लेंगे। यूनियन के केंद्रीय कमेटी की ओर से नियुक्त पदाधिकारी चुनावी प्रक्रिया संपन्न करा रहे हैं। सुरक्षा के दृष्टिकोण से जोगता पुलिस और निजी सुरक्षा कंपनी एसआईएस के कर्मी चुनावी स्थल पर तैनात हैं।