विद्यार्थियों की मांगों को लेकर अभाविप का प्रदर्शन, मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर सरकार के खिलाफ जताया विरोध
डीजे न्यूज, गिरिडीह : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की रांची इकाई द्वारा मुख्यमंत्री आवास घेराव के दौरान संगठन के क्षेत्रीय संगठन मंत्री, प्रांत संगठन मंत्री, प्रदेश मंत्री समेत दर्जनों कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के विरोध में अभाविप गिरिडीह इकाई के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विद्यार्थियों और युवाओं की मांगों को पूरा करने की मांग की।
अभाविप के प्रदेश सह मंत्री मंटू मुर्मू ने कहा कि मुख्यमंत्री आवास घेराव के दौरान संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों की गिरफ्तारी के विरोध में गिरिडीह में पुतला दहन किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार युवाओं को सिर्फ छलने का काम कर रही है। चुनाव के दौरान युवाओं से प्रत्येक वर्ष पांच लाख नौकरी देने का वादा किया गया था, लेकिन सरकार अब तक पांच हजार युवाओं को भी नौकरी नहीं दे पाई है।
उन्होंने कहा कि सरकार जेपीएससी और जेएसएससी की परीक्षाएं ऐसी एजेंसी से करा रही है, जिसे बिहार और उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा ब्लैकलिस्ट किए जाने की बात कही गई है। इससे विद्यार्थियों के बीच परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
जिला संयोजक नीरज चौधरी ने कहा कि सरकार यदि 10 अगस्त तक विद्यार्थियों की मांगों को पूरा नहीं करती है तो अभाविप पूरे प्रदेश में चरणबद्ध आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर संगठन किसी भी परिस्थिति में चुप नहीं बैठेगा।
प्रांत एसएफएस सह संयोजक अनीश राय ने कहा कि सरकार को विद्यार्थियों की जायज मांगों को पूरा करने में आखिर परेशानी क्या है। उन्होंने सरकार से छात्रों की समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की।
मौके पर नगर सह मंत्री अभिजीत सिन्हा, कॉलेज मंत्री कृष पासवान, रोहित बर्णवाल, गुलशन यादव, प्रवीण स्वर्णकार, सुमन चौधरी, आशीष सिंह, सचिन शर्मा, विपुल राय समेत कई कार्यकर्ता मौजूद थे।