टुंडी के कमारडीह में पैक्स निर्माण में अनियमितता, ग्रामीणों ने किया विरोध प्रदर्शन

टुंडी के कमारडीह में पैक्स निर्माण में अनियमितता, ग्रामीणों ने किया विरोध प्रदर्शन

डीजे न्यूज, टुंडी, धनबाद : धनबाद जिले के टुंडी प्रखंड अंतर्गत कमारडीह पंचायत में हो रहे पैक्स निर्माण में भारी अनियमितता का मामला प्रकाश में आया है। जिसे लेकर मंगलवार को कार्य स्थल पर दर्जनों की संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया।

विरोध कर रहे ग्रामीणों ने पैक्स निर्माण में भारी अनियमितता का आरोप लगाते हुए कहा कि संवेदक द्वारा मनमानी तरीके से नियम को ताक पर रखकर निर्माण कार्य किया जा रहा है जिसमें चिमनी ईंट की जगह घटिया क्वालिटी के बंगला ईंट से निर्माण किया जा रहा है तो बालू गिट्टी मसाला में सीमेंट की मिलावटी भी घटिया व मानक से कम की जा रही है।

मामले को लेकर कई बार संवेदक को जानकारी दी गई लेकिन संवेदक के द्वारा झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जा रही है। साथ ही ग्रामीणों ने कहा कि संवेदक के द्वारा इस निर्माण कार्य में बाल मजदूरी भी करवाया जा रहा है। इस सुदूर ग्रामीण क्षेत्र में विकास कार्य में सरकारी राशि की लूट खसोट न हो और सही तरीके से निर्माण हो इसे लेकर ग्रामीणों ने प्रशासन से जांच कर कार्रवाई की मांग की है अन्यथा निर्माण कार्य रोकने की भी चेतावनी दी।

वहीं इस पूरे मामले को लेकर डिस्ट्रिक्ट कोऑपरेटिव ऑफिसर वेदप्रकाश यादव से पूछने पर उन्होंने मामले की जांच कर कठोर कार्रवाई की बात कही।

विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से साधन डोम, फकरुद्दीन अंसारी, प्रेमचंद्र महतो समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top