प्रशासन का इंतजार छोड़ ग्रामीणों ने संभाली सुरक्षा की कमान, जर्जर कोरंगी पुल पर लगाई बैरिकेडिंग
डीजे न्यूज,पचंबा,गिरिडीह : परसाटांड़ और पिंडाटांड़ गांव को जोड़ने वाली कोरंगी नदी के जर्जर पुल पर लगातार हादसों की आशंका को देखते हुए ग्रामीणों ने मिसाल पेश की है। पुल निर्माण में हो रही देरी के बीच शुक्रवार को ग्रामीणों ने अंशदान और श्रमदान कर पुल पर बैरिकेडिंग लगाई, ताकि भारी वाहनों का आवागमन रोका जा सके और किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।
ग्रामीणों ने बताया कि पुल निर्माण का टेंडर स्वीकृत हो चुका है, लेकिन बरसात के कारण निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। ऐसे में पुल की जर्जर स्थिति को देखते हुए लोगों की सुरक्षा के लिए स्वयं आगे आना पड़ा।
ग्रामीणों के अनुसार बैरिकेडिंग लगाने का उद्देश्य भारी वाहनों का प्रवेश रोकना है, जिससे पुल पर अतिरिक्त भार न पड़े और जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
करीब 10 गांवों को जोड़ने वाले इस महत्वपूर्ण पुल पर ग्रामीणों की सामूहिक पहल से अब भारी वाहनों का आवागमन बंद हो जाएगा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द पुल निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग भी दोहराई, ताकि क्षेत्रवासियों को स्थायी राहत मिल सके।