कतरास के छाताबाद में फिर धंसी जमीन, मची अफरातफरी
दस घर व सामान जमींदोज, सुरक्षा को लेकर ग्रामीण चिंतित
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद): कतरास थाना क्षेत्र के छाताबाद-आकाशकिनारी फुटबॉल मैदान के पास शुक्रवार को एक बार फिर से भू धंसान की घटना घटी। इस घटना में करीब दस घर जमींदोज हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
लोगों की मानें तो मलबे में कई लोग दब गए थे। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए करीब सात लोगों को बाहर निकाला है। मलबे में दबने से जख्मी हुए लोगों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। हालांकि, अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
भू-धंसान के कारण घरों में रखा सामान भी जमीन के नीचे दब गया है। घटना के बाद प्रभावित परिवारों के सामने रहने और जरूरी सामान की समस्या खड़ी हो गई है।
लोगों में नाराजगी
घटना के काफी देर बाद तक प्रशासन की ओर से राहत और रेस्क्यू अभियान शुरू नहीं किए जाने को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। लोगों ने कहा कि इलाके में लगातार इस तरह की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं।
सात जुलाई को हुई थी भू-धंसान
ग्रामीणों ने बताया कि इसी जगह पर 7 जुलाई को भी भू-धंसान की घटना हुई थी। उस दौरान करीब चार से पांच घर जमीन के अंदर समा गए थे। एक बड़े तालाब में भी गोफ बन गया था। दोबारा भू-धंसान की घटना ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।