जपला की संचिता का सरकारी पॉलिटेक्निक दुमका में चयन
डीजे न्यूज, जपला, पलामू : कड़ी मेहनत और लगन का फल आखिरकार मनोज कुमार गुप्ता ‘छोटन’ के परिवार को मिल ही गया। उनकी बड़ी बेटी संचिता ‘गुनगुन’ का पॉलिटेक्निक प्रवेश परीक्षा में चयन हो गया है। उसे मनचाहा इलेक्ट्रिकल-इलेक्ट्रॉनिक्स ट्रेड के साथ सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेज, दुमका आवंटित किया गया है। चयन की सूचना मिलते ही जपला सीमेंट फैक्ट्री और बाजार क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई।
छोटन की दुकान पर शुभचिंतकों और युवाओं का तांता लग गया। सभी ने उन्हें बधाई दी और मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया। हाल ही में बाजार शिव मंदिर के धार्मिक आयोजन में उनकी सक्रिय भागीदारी की भी लोगों ने चर्चा की और इसे परिवार के लिए शुभ संकेत बताया।
भावुक होते हुए मनोज कुमार गुप्ता ‘छोटन’ ने कहा कि बेटी की इस उपलब्धि से उनका सपना पूरा हुआ है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय बेटी की मेहनत और परिवार के सहयोग को दिया। छोटन वर्ष 1995 में हार्वे स्कूल से मैट्रिक उत्तीर्ण हैं और वर्तमान में पलामू जिले में बीएसएनएल के सर्विस प्रोवाइडर के रूप में कार्यरत हैं। अपने मिलनसार और व्यवहारिक स्वभाव के कारण वे क्षेत्र में काफी लोकप्रिय हैं।
संचिता की सफलता पर बधाई देने वालों में नीरज कुमार गुप्ता ‘लक्षु’ (अध्यक्ष, बाबू लाइन दुर्गा पूजा समिति), सचिन कुमार शर्मा ‘मंटू’ (सचिव), अशोक विश्वकर्मा (पूर्व वार्ड पार्षद प्रत्याशी), मोहसिन खान (मीडिया प्रभारी), मोहसिन इदरीसी (समाजसेवी) तथा जुगन सिंह चंद्रवंशी (व्यवसायी) सहित अनेक लोगों ने शुभकामनाएं दीं।