पेंशन मद की कटौती नहीं होने पर सहायक अध्यापकों ने जताई नाराजगी, विभाग से लगाई गुहार

पेंशन मद की कटौती नहीं होने पर सहायक अध्यापकों ने जताई नाराजगी, विभाग से लगाई गुहार

डीजे न्यूज, पीरटांड़ (गिरिडीह) : पीरटांड़ प्रखंड के सैकड़ों सहायक अध्यापकों के मानदेय से ईपीएफ के पेंशन मद की राशि की कटौती नहीं होने का मामला सामने आने के बाद शिक्षकों में असंतोष व्याप्त है। बुधवार को पीरटांड़ स्थित बीआरसी में आयोजित बैठक में शिक्षकों ने इस मुद्दे पर गंभीर चिंता जताते हुए विभाग से तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की मांग की।

बैठक में शिक्षकों ने कहा कि उनके मानदेय से ईपीएफ की राशि नियमित रूप से काटी जा रही है, लेकिन पेंशन मद में निर्धारित अंशदान नहीं जमा हो रहा है। इससे भविष्य में पेंशन संबंधी लाभ मिलने में परेशानी हो सकती है।

इस संबंध में सहायक अध्यापकों ने प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी (बीपीओ) बासिल मरांडी को शिकायत सौंपी। बीपीओ ने सभी प्रभावित शिक्षकों को संयुक्त आवेदन देने का सुझाव देते हुए आश्वस्त किया कि आवेदन प्राप्त होने के बाद मामले को जिला कार्यालय भेजा जाएगा, ताकि आवश्यक सुधार कराया जा सके।

बैठक में शिक्षकों ने ईपीएफ से जुड़ी अन्य तकनीकी समस्याओं का भी मुद्दा उठाया। सहायक अध्यापक संघ के प्रमोद सिंह, महेश्वर मुर्मू और अरुण मंडल ने कहा कि जल्द ही संयुक्त आवेदन सौंपा जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा। बैठक में विधानसभा घेराव की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top