निर्बाध बिजली आपूर्ति को जीएम से मिला प्रतिनिधिमंडल
डीजे न्यूज, धनबाद: धनबाद एवं झरिया क्षेत्र में व्याप्त बिजली संबंधी समस्याओं तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से कांग्रेस नेत्री अनुपमा सिंह का प्रतिनिधिमंडल बुधवार को विद्युत महाप्रबंधक अशोक कुमार सिन्हा से उनके कार्यालय में मिला।
प्रतिनिधिमंडल ने धनबाद एवं झरिया क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती, लो-वोल्टेज तथा अन्य तकनीकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए इनके शीघ्र समाधान की मांग की। साथ ही सुंदरपुर पांच नंबर एवं सोलह नंबर पहाड़ी में वर्षों से लंबित विद्युत लाइन विस्तार के मुद्दे को भी महाप्रबंधक के समक्ष रखा। प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व में दिए गए आवेदन का उल्लेख करते हुए मांग की कि सुंदरपुर क्षेत्र के लगभग 60 परिवारों को अविलंब विद्युत लाइन का विस्तार कर नियमित बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराया जाए।
महाप्रबंधक अशोक कुमार सिन्हा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि धनबाद एवं झरिया क्षेत्र में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विभाग लगातार कार्य कर रहा है तथा वर्तमान समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि सुंदरपुर पांच नंबर एवं सोलह नंबर पहाड़ी में विद्युत लाइन विस्तार का कार्य प्राथमिकता के आधार पर जल्द प्रारंभ कराया जाएगा, ताकि सभी पात्र परिवारों को बिजली की सुविधा उपलब्ध हो सके।
प्रतिनिधिमंडल में सतपाल सिंह ब्रोका, अरुण कुमार रवानी, संतोष सरवानी, शिवम कुमार, राजन कुमार, शंभू प्रसाद, कमल सिंह सहित सुंदरपुर के स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।