कोयला क्षेत्रीय पुलिस ड्यूटी मीट का शुभारंभ
धनबाद-बोकारो के पुलिसकर्मी ड्यूटी मीट में ले रहे भाग
वैज्ञानिक अनुसंधान और तकनीकी दक्षता पर हो रही परीक्षा, पुलिस ड्यूटी मीट में कई विषयों पर होगा मूल्यांकन
ज्ञान, दक्षता और पेशेवर क्षमता को निखारने का प्रभावी मंच है ड्यूटी मीट: आईजी
वैज्ञानिक अनुसंधान और आधुनिक पुलिसिंग की तकनीकों से रूबरू कराना उद्देश्य: एसएसपी
डीजे न्यूज, धनबाद: धनबाद पुलिस केंद्र सभागार में बुधवार से तीन दिवसीय कोयला क्षेत्रीय पुलिस ड्यूटी मीट का शुभारंभ हुआ। इस प्रतियोगिता में धनबाद और बोकारो जिले के पुलिस पदाधिकारी एवं जवान भाग ले रहे हैं। ड्यूटी मीट का उद्देश्य पुलिसकर्मियों की कार्यकुशलता, तकनीकी दक्षता और अनुसंधान क्षमता को और बेहतर बनाना है ताकि बदलते समय की चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना किया जा सके।
कार्यक्रम का उद्घाटन पुलिस महानिरीक्षक (बोकारो प्रक्षेत्र) शैलेन्द्र कुमार सिन्हा ने किया। इस अवसर पर एसएसपी प्रभात कुमार, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब, एडिशनल एसपी (चास) वेदांत शंकर सहित कई वरीय पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा ने कहा कि पुलिस ड्यूटी मीट केवल एक प्रतियोगिता नहीं बल्कि पुलिसकर्मियों के ज्ञान, दक्षता और पेशेवर क्षमता को निखारने का प्रभावी मंच है। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से पुलिसकर्मी नई तकनीकों और अनुसंधान की आधुनिक विधियों से परिचित होते हैं जिसका सीधा लाभ कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों के वैज्ञानिक अनुसंधान में मिलता है।
एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि पुलिस ड्यूटी मीट का उद्देश्य पुलिस पदाधिकारियों और जवानों के ज्ञान, कौशल तथा दक्षता को और बेहतर बनाना है। इस तरह की प्रतियोगिताओं से पुलिसकर्मियों को अपने अनुभव साझा करने, नई कार्यप्रणालियों को सीखने तथा वैज्ञानिक अनुसंधान और आधुनिक पुलिसिंग की तकनीकों को अपनाने का अवसर मिलता है, जिससे आम जनता को बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध कराई जा सकेगी।
तीन दिवसीय ड्यूटी मीट के दौरान पुलिस निरीक्षक से लेकर सिपाही स्तर तक के पुलिसकर्मी विभिन्न विषयों की मौखिक एवं लिखित परीक्षाओं में भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता के माध्यम से प्रतिभागियों की वैज्ञानिक अनुसंधान क्षमता, तकनीकी ज्ञान और व्यावहारिक दक्षता का मूल्यांकन किया जा रहा है।
ड्यूटी मीट में विधि विज्ञान (एफएसएल), मेडिको-लीगल, क्राइम इन्वेस्टिगेशन, लॉ रूल्स एवं कोर्ट जजमेंट, अंगुलांक (फिंगर प्रिंट), फोटोग्राफी, लिफ्टिंग, पैकिंग एवं फॉरवर्डिंग, ऑब्जर्वेशन, पुलिस पोर्ट्रेट, कंप्यूटर साक्षरता, पुलिस श्वान दस्ता, एंटी-सबोटाज चेक तथा पुलिस फोटोग्राफी वीडियोग्राफी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रतिभागियों की मौखिक और लिखित परीक्षा ली जा रही है।
प्रतियोगिता के सफल संचालन और मूल्यांकन के लिए रांची से सीआईडी, एटीएस और विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की विशेषज्ञ टीम धनबाद पहुंची है। टीम में नीरज सहाय (सहायक निदेशक, फिंगर प्रिंट), आशुतोष कुमार वर्मा (सहायक निदेशक, एफएसएल), पंचानंद कुमार, असित मोदी, रोहित कुमार कालिंदी और दिलीप कुमार महतो शामिल हैं जो विभिन्न विषयों में प्रतिभागियों का मूल्यांकन कर रहे हैं।
कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर जिले के सभी डीएसपी, एसडीपीओ, कई थाना प्रभारी, सार्जेंट मेजर सहित बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे। तीन दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता के माध्यम से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों का चयन आगे की प्रतियोगिताओं के लिए भी किया जाएगा।