प्रशासनिक और बीसीसीएल अधिकारियों ने किया प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराने का दिया आश्वासन

प्रशासनिक और बीसीसीएल अधिकारियों ने किया प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण

नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराने का दिया आश्वासन

डीजे न्यूज, कतरास (धनबाद): कतरास थाना क्षेत्र के न्यू सेलेक्टेड गोविंदपुर में मंगलवार देर शाम हुई भू-धंसान की घटना के बाद बुधवार को प्रशासन, बीसीसीएल एवं जनप्रतिनिधियों की संयुक्त टीम ने प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया। भू-धंसान की इस घटना में पांच घर पूरी तरह जमींदोज हो गया है। घटना के बाद प्रभावित परिवारों की सुरक्षा और राहत व्यवस्था को लेकर प्रशासन सक्रिय हो गया।
निरीक्षण के दौरान बीसीसीएल के अधिकारियों, बाघमारा अंचल के अंचलाधिकारी (सीओ) तथा धनबाद नगर निगम के जनप्रतिनिधियों ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि जिन परिवारों के घर भू-धंसान की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हुए हैं, उन्हें नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही प्रभावित लोगों के लिए भोजन, वस्त्र एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया।
निरीक्षण दल में नगर निगम की स्टैंडिंग कमेटी (वार्ड 1 से 5) के अध्यक्ष छोटू सिंह, पार्षद मधुमाला, पार्षद निरुपमा देवी, पार्षद शहाबुद्दीन अंसारी, पार्षद रामेश्वर तुरी सहित बीसीसीएल एवं प्रशासन के कई अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने तथा क्षेत्र की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने का भरोसा दिया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top