युवा मतदाताओं को नाम जोड़ने व संशोधन की दी गई जानकारी

युवा मतदाताओं को नाम जोड़ने व संशोधन की दी गई जानकारी

डीजे न्यूज, धनबाद: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार युवा मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने और मतदाता सूची को अधिक सटीक एवं अद्यतन बनाने के उद्देश्य से डिग्री कॉलेज जामाडोबा में विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। जागरूकता शिविर में झारिया सीओ मनोज कुमार ,एडीएम ला एंड नऑडर अरविंद कुमार ओझा मौजूद थे। कॉलेज के प्रार्चाय आरपी सिंह ने सभी का स्वागत किया। अभियान के दौरान छात्र-छात्राओं को मतदाता बनने के महत्व, लोकतंत्र में उनकी भूमिका तथा निर्वाचन आयोग की ऑनलाइन सेवाओं की विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में कॉलेज के छात्र-छात्राओं को बताया गया कि 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के पात्र नागरिक अपने नाम को मतदाता सूची में शामिल करा सकते हैं। साथ ही मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की त्रुटि होने पर ECINET पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन संशोधन, पता परिवर्तन, नाम सुधार एवं अन्य आवश्यक बदलाव आसानी से किए जा सकते हैं। इसके अलावा पात्र नागरिकों को दावे एवं आपत्तियां  दर्ज कराने की प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई।
अभियान के दौरान विद्यार्थियों को ऑनलाइन आवेदन की पूरी प्रक्रिया समझाई गई तथा उन्हें अपने साथियों और परिवार के अन्य पात्र सदस्यों को भी मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया। अधिकारियों ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती में युवाओं की भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है और प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम दर्ज होना आवश्यक है।
कार्यक्रम में विशेष रूप से उच्च शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों पर ध्यान केंद्रित किया गया, ताकि अधिक से अधिक प्रथम बार मतदान करने वाले युवा मतदाता इस अभियान से जुड़ सकें। विद्यार्थियों को यह भी बताया गया कि ECINET पोर्टल के माध्यम से घर बैठे ही मतदाता सूची में नया नाम जोड़ने, विवरणों में संशोधन करने तथा दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराने जैसी सुविधाओं का लाभ लिया जा सकता है।

कॉलेज प्रार्चाय एवं झारिया सीओ ने  विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं मतदाता बनें, दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाएं। कार्यक्रम में उपस्थित छात्र-छात्राओं ने भी मतदाता जागरूकता अभियान में सहयोग करने तथा अधिक से अधिक युवाओं तक इसकी जानकारी पहुंचाने का संकल्प लिया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top