नन्हे बच्चों ने ‘ग्रीन डे’ पर दिया हरियाली बचाने का संदेश, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
डीजे न्यूज, गिरिडीह : बद्रीनारायण साहा डीएवी पब्लिक स्कूल, सिरसिया में मंगलवार को बाल वाटिका के विद्यार्थियों ने उत्साह और उमंग के साथ ‘ग्रीन डे सेलिब्रेशन’ मनाया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में पर्यावरण संरक्षण, हरियाली के महत्व और प्रकृति के प्रति प्रेम एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित करना था।
इस अवसर पर विद्यालय परिसर को हरे रंग की आकर्षक सजावट से सजाया गया। छात्र-छात्राएं हरे रंग की वेशभूषा पहनकर कार्यक्रम में शामिल हुए और पौधों, वृक्षों, फल-सब्जियों तथा प्रकृति से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया। बच्चों ने गीत, नृत्य, कविता-पाठ और भाषण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का प्रभावी संदेश दिया।
विद्यालय के प्राचार्य सचिन गर्ग ने अपने संबोधन में कहा कि हरियाली केवल प्रकृति की शोभा नहीं, बल्कि मानव जीवन का आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी नियमित देखभाल करने और पर्यावरण संरक्षण को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं की सक्रिय भूमिका रही। पूरे आयोजन के दौरान बच्चों का उत्साह और प्रकृति के प्रति उनका लगाव आकर्षण का केंद्र बना।