विद्यालय परिवार ने शिबू सोरेन की पुण्य तिथि पर दी श्रद्धांजलि 

विद्यालय परिवार ने शिबू सोरेन की पुण्य तिथि पर दी श्रद्धांजलि 

समसामयिक ज्ञान के साथ शिबू सोरेन के संघर्षमय जीवन से छात्रों को कराया गया परिचित

डीजे न्यूज, गिरिडीह : राजकीयकृत मध्य विद्यालय हुसैनाबाद में मंगलवार को आयोजित प्रार्थना सभा ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायी माहौल में संपन्न हुई। नियमित प्रार्थना, राष्ट्रीय गीत, राष्ट्रगान, संविधान की प्रस्तावना तथा सामान्य ज्ञान की पुनरावृत्ति के बाद जेसीईआरटी द्वारा प्रेषित न्यूज प्लस क्विज का वाचन शिक्षिका सुषमा पांडेय ने किया।

समाचार वाचन के दौरान विद्यार्थियों को देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं, प्रेरक प्रसंगों, सेंटेंस ऑफ द डे और छात्र प्रतिज्ञा के माध्यम से समसामयिक विषयों की जानकारी दी गई। भारत-उज्बेकिस्तान व्यापार संबंध, ईरान में भारत के नए राजदूत की नियुक्ति, अमेरिका-ईरान विवाद, रूस-यूक्रेन युद्ध, कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय महिला खिलाड़ियों की उपलब्धि तथा आईआईएम की कैट परीक्षा के लिए शुरू हुए पंजीकरण जैसे विषयों पर भी चर्चा की गई।

प्रार्थना सभा में दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। विद्यालय परिवार ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित करते हुए झारखंड आंदोलन, सामाजिक न्याय और शोषण के खिलाफ उनके संघर्ष को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि शिबू सोरेन ने आदिवासियों, किसानों और वंचित समाज के अधिकारों के लिए आजीवन संघर्ष किया तथा अलग झारखंड राज्य के निर्माण में उनकी भूमिका ऐतिहासिक रही।

कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक कन्हैया प्रसाद, शिक्षक राजेश कुमार गुप्ता, प्रमोद मेहता, शिक्षिकाएं सुषमा पांडेय, आशा कुमारी, पूनम कुमारी तथा बाल संसद के प्रधानमंत्री संतोष कुमार, शिक्षा मंत्री रचना कुमारी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। श्रद्धांजलि सभा में सभी ने दिशोम गुरु के आदर्शों पर चलने का संकल्प भी लिया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top