तेज बारिश में भी गूंजा ‘हर-हर महादेव’, राजेंद्र सरोवर में भव्य शिव महाआरती सावन की पहली सोमवारी पर जीटा के आयोजन में उमड़ा आस्था का सैलाब बनारस की तर्ज पर हुई दिव्य शिव गंगा आरती और आकर्षक झांकियों ने मोहा मन

तेज बारिश में भी गूंजा ‘हर-हर महादेव’, राजेंद्र सरोवर में भव्य शिव महाआरती

सावन की पहली सोमवारी पर जीटा के आयोजन में उमड़ा आस्था का सैलाब

बनारस की तर्ज पर हुई दिव्य शिव गंगा आरती और आकर्षक झांकियों ने मोहा मन

डीजे न्यूज, धनबाद: सावन की पहली सोमवारी पर धनबाद धार्मिक आस्था और शिव भक्ति के रंग में पूरी तरह सराबोर नजर आया। झारखंड इंडस्ट्रीज एंड ट्रेड एसोसिएशन यानी जीटा की ओर से राजेंद्र सरोवर, बेकारबांध में पांचवें वर्ष भव्य शिव महाआरती का आयोजन किया गया। तेज बारिश भी श्रद्धालुओं की आस्था को डिगा नहीं सकी। हजारों की संख्या में श्रद्धालु कार्यक्रम में शामिल हुए और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

शाम पांच बजे से रात साढ़े नौ बजे तक चले इस आयोजन में वाराणसी के दशाश्वमेध घाट की तर्ज पर बनारस से आए आचार्यों ने दिव्य शिव गंगा महाआरती संपन्न कराई। दीपों की अलौकिक छटा, वैदिक मंत्रोच्चार, डमरू और घंटियों की गूंज ने राजेंद्र सरोवर को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। भारी बारिश के बीच भी श्रद्धालु पूरी श्रद्धा के साथ आरती में शामिल होते रहे।

कार्यक्रम में भगवान शिव से जुड़ी मनमोहक झांकियां, पौराणिक प्रसंगों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और हनुमान जी व वानर सेना की झांकी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहीं। भक्तिमय भजनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए और पूरा परिसर शिवमय हो गया। आयोजन सभी श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क रखा गया था, जिससे बड़ी संख्या में लोग इसमें शामिल हुए।

इस भव्य आयोजन में उपायुक्त आदित्य रंजन, एसएसपी प्रभात कुमार, मेयर संजीव सिंह, जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह, जीटा अध्यक्ष अमितेश सहाय सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजकों ने कहा कि शिव महाआरती का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ-साथ भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा को जन-जन तक पहुंचाना है। सावन की पहली सोमवारी पर आयोजित यह भव्य आयोजन श्रद्धालुओं के लिए अविस्मरणीय बन गया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top