फ्रेंडशिप डे पर इनर व्हील क्लब ने बांटा सिलाई मशीन
डीजे न्यूज, गिरिडीह : फ्रेंडशिप डे के अवसर पर इनर व्हील क्लब ऑफ गिरिडीह सनशाइन ने सेवा और महिला सशक्तिकरण का संदेश देते हुए आर्थिक रूप से कमजोर एवं सिलाई कार्य में दक्ष दो जरूरतमंद महिलाओं को सिलाई मशीन भेंट की। क्लब की इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाकर उनके स्वरोजगार को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम का आयोजन “फ्रेंडशिप एंड सर्विस” थीम पर किया गया। क्लब की अध्यक्ष राखी झुनझुनवाला ने कहा कि मित्रता का वास्तविक अर्थ केवल रिश्ते निभाना नहीं, बल्कि जरूरतमंद लोगों की मदद कर उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना भी है। कार्यक्रम की शुरुआत फ्रेंडशिप डे के उपलक्ष्य में केक काटकर की गई।
इस दौरान क्लब में अंजू सिन्हा और पूजा जमवार का नए सदस्य के रूप में स्वागत किया गया। आईएसओ नमिता जमुवार, माला जालान तथा प्रथम अध्यक्ष सुमन गौरसरिया ने सदस्यों को फ्रेंडशिप बैंड बांधकर मित्रता, विश्वास, सहयोग और सेवा के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में फ्रेंडशिप बैंड डेकोरेशन प्रतियोगिता भी आयोजित हुई, जिसमें विभूति रंजना ने प्रथम तथा सुमन गुप्ता ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं लकी फ्रेंडशिप बैंड प्रतियोगिता में मनीषा कपिश्वे विजेता रहीं। सभी विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
मौके पर पीडीसी पुनम सहाय, उपाध्यक्ष स्मृति आनंद, पूर्व अध्यक्ष कविता राजगोड़िया, कोषाध्यक्ष रश्मि गुप्ता, माला जालान सहित क्लब की अनेक सदस्य मौजूद रहीं। कार्यक्रम का समापन सामूहिक भोज के साथ हुआ। पूरे आयोजन में मित्रता, सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश प्रमुखता से देखने को मिला।