तीन दिवसीय जिला बैडमिंटन चैंपियनशिप संपन्न, राज्य स्तर के लिए खिलाड़ियों का चयन
डीजे न्यूज, गिरिडीह : गिरिडीह जिला बैडमिंटन संघ के तत्वावधान एवं नवजीवन नर्सिंग होम के सहयोग से आयोजित तीन दिवसीय गिरिडीह जिला बैडमिंटन प्रतियोगिता सह चैंपियनशिप-2026 का रविवार को इंडोर स्टेडियम में सफल समापन हो गया। 31 जुलाई से 2 अगस्त तक चली इस प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न प्रखंडों और विद्यालयों के खिलाड़ियों ने अंडर-11 से लेकर वेटरन वर्ग तक अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि 20 सूत्री अध्यक्ष संजय सिंह ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया। समारोह में महापौर, उपमहापौर, नगर आयुक्त, एसडीएम, जिला खेल पदाधिकारी, नवजीवन नर्सिंग होम की निदेशक स्वाति बगड़िया, मंत्री प्रतिनिधि रॉकी, जिला बैडमिंटन संघ के सचिव नागेंद्र सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गों में जिश्नु सयान, ट्विंकल कुमारी, सक्षम लहरी, काश्वी कृष्णा, रियार्थ गुप्ता, दिशु गुप्ता, अंकित कुमार, राशी कुमारी, कृतिका कृष्णा, रौशन कुमार-आदर्श पांडेय तथा सुनील बगारिया-विनय सिंह सहित कई खिलाड़ियों ने अपने-अपने वर्ग में खिताब जीते। अंडर-19 बालक एकल का फाइनल मुकाबला शेष रहने के कारण उसकी विजेता सूची बाद में जारी की जाएगी।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन आगामी राज्य स्तरीय बैडमिंटन चैंपियनशिप के लिए किया गया है। चयनित खिलाड़ी राज्य स्तर पर गिरिडीह जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इस अवसर पर अतिथियों ने कहा कि खेल अनुशासन, समर्पण और आत्मविश्वास का सबसे बेहतर माध्यम है। खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास कर राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया गया। उन्होंने जिला बैडमिंटन संघ की ओर से खेल प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराने के प्रयासों की सराहना की।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में कोच मुकेश कुमार और रौशन कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अंत में जिला बैडमिंटन संघ के सचिव नागेंद्र ने खिलाड़ियों, अभिभावकों, निर्णायकों, स्वयंसेवकों, मीडिया प्रतिनिधियों और मुख्य प्रायोजक नवजीवन नर्सिंग होम का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी जिले की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।