मरांग बुरू महाधिवेशन की तैयारी तेज, राज्यभर में चलेगा जनसंपर्क अभियान

मरांग बुरू महाधिवेशन की तैयारी तेज, राज्यभर में चलेगा जनसंपर्क अभियान

डीजे न्यूज, पीरटांड़ (गिरिडीह): मरांग बुरू बचाओ संघर्ष मोर्चा की केंद्रीय कार्यकारिणी की बैठक रविवार को मधुबन गेस्ट हाउस में आयोजित की गई। बैठक में आगामी 5 नवंबर को मरांग बुरू में प्रस्तावित धर्मस्थल महाधिवेशन की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय अध्यक्ष फागु बेसरा ने की।

फागु बेसरा ने कहा कि मरांग बुरू झारखंड सहित पूर्वी भारत के आदिवासी समाज की आस्था का प्रमुख धार्मिक स्थल है। यह स्थल धार्मिक महत्व के साथ-साथ सांस्कृतिक और ऐतिहासिक दृष्टि से भी विशेष पहचान रखता है। उन्होंने कहा कि मरांग बुरू के धार्मिक स्वरूप और संरक्षण को लेकर लंबे समय से आंदोलन चल रहा है, जिसे अब व्यापक जन-आंदोलन का रूप दिया जाएगा।

बैठक में निर्णय लिया गया कि महाधिवेशन को सफल बनाने के लिए झारखंड के सभी जिलों में जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। इसके अलावा पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़, बिहार और असम सहित अन्य राज्यों के आदिवासी समाज से भी संपर्क कर अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

महाधिवेशन की तैयारियों के लिए एक आयोजन समिति के गठन का भी निर्णय लिया गया। बैठक में केंद्रीय प्रवक्ता जी. कृष्णा मुरू, केंद्रीय कोषाध्यक्ष सोमनाथ दुड़ू, रेखा दुड़ू, महावीर मुर्मू, विष्णु किस्कू, दिलीप मुर्मू, नवीन मुर्मू, विजय मरांडी, शिले कच्छप, भगवान किस्कू, सुलेखा मरांडी, झारखंड मुंडा जमींदार एसोसिएशन के अध्यक्ष सुखदेव हेंब्रम, महेंद्र मरांडी, कैलाश सोरेन, नागेश्वर सोरेन, स्वप्न हांसदा, प्रधान मुर्मू, सुधीर कच्छप सहित झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के कई सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top