जयंती पर भाजपाइयों ने शक्तिनाथ महतो को किया नमन
शहीद की धरती से राज्य सरकार पर साधा निशाना
आदित्य साहू बोले-झारखंड की धरती को माफियाओं और अवैध कोयला कारोबार से मुक्त कराना समय की मांग
ढुलू महतो ने कहा-भ्रष्टाचार, अवैध खनन और माफिया राज पर रोक से ही शक्ति का सपना होगा साकार
डीजे न्यूज, सिजुआ(धनबाद): झारखंड प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने कहा कि शहीदों के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता है। शहीद शक्तिनाथ महतो की जयंती के अवसर पर रविवार को तेतुलमुड़ी में आयोजित श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि
झारखंड की धरती को अवैध कोयला कारोबार और माफियाओं से मुक्त कराना समय की सबसे बड़ी मांग है। उन्होंने अवैध खनन से जुड़े मामलों की निष्पक्ष और स्वतंत्र एजेंसी सीबीआई से जांच कराने की आवाज बुलंद की।
धनबाद सांसद ढुलू महतो ने भी अवैध कोयला कारोबार, कोयला माफियाओं और कथित संरक्षण देने वालों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि शहीद शक्तिनाथ महतो ने अन्याय के खिलाफ संघर्ष किया था और उनके सपनों का झारखंड तभी बनेगा जब भ्रष्टाचार, अवैध खनन और माफिया राज पर पूरी तरह रोक लगेगी।
वक्ताओं ने शहीद शक्तिनाथ महतो के संघर्ष, त्याग और सामाजिक योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का आह्वान किया। साथ ही उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया।
सभा के पहले शक्ति स्कूल परिसर में शहीद की आदमकद प्रतिमा पर प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, सांसद ढुलू महतो, विधायक राज सिन्हा, विधायक शत्रुघ्न महतो, विधायक रागिनी सिंह, बड़कागांव विधायक रोशनलाल चौधरी, बगोदर विधायक नागेंद्र महतो, भाजपा धनबाद महानगर अध्यक्ष श्रवण राय, धनबाद ग्रामीण भाजपा जिलाध्यक्ष मोहन कुम्भकार, किसान मोर्चा के प्रमंडलीय प्रभारी सुरेश महतो, सिंदरी की भाजपा नेता तारा देवी, गिरिडीह से आशीष दत्ता, बियाडा के पूर्व अध्यक्ष विजय झा, पूर्व पार्षद धर्मेंद्र महतो उर्फ डिस्को तथा गिरिडीह सांसद प्रतिनिधि सुभाष रवानी आदि ने श्रद्धांजलि अर्पित कर नमन किया।