नेपाल में लहराया झारखंड का परचम, फुटबॉल में स्वर्ण, वॉलीबॉल में रजत पदक किया हासिल
डीजे न्यूज, धनबाद: नेपाल के पर्यटन नगरी पोखरा में आयोजित 11वीं इंडो–नेपाल इंटरनेशनल चैंपियनशिप में भारत की ओर से भाग लेने वाली झारखंड की फुटबॉल एवं वॉलीबॉल टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश और राज्य का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया।
प्रतियोगिता में भारत की ओर से फुटबॉल एवं वॉलीबॉल की दो टीमें शामिल हुईं। कड़े मुकाबलों के बीच झारखंड की फुटबॉल टीम ने स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल) अपने नाम किया, जबकि वॉलीबॉल टीम ने रजत पदक (सिल्वर मेडल) जीतकर भारत की झोली में एक और उपलब्धि जोड़ दी। पूरे टूर्नामेंट के दौरान सभी खिलाड़ियों ने अनुशासन, खेल भावना और उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय देते हुए मैदान पर अपना सर्वश्रेष्ठ दिया।
टीम के साथ पूरे दौरे के दौरान सांसद प्रतिनिधि गिरिधारी महतो भी मौजूद रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का लगातार उत्साहवर्धन किया, उनका मनोबल बढ़ाया तथा हर कदम पर मार्गदर्शन देकर टीम को प्रेरित किया। उनके सहयोग और प्रोत्साहन ने खिलाड़ियों के आत्मविश्वास को नई ऊर्जा प्रदान की।
इस ऐतिहासिक सफलता का श्रेय खिलाड़ियों की अथक मेहनत के साथ-साथ टीम के समर्पित प्रशिक्षकों परवेज़ आलम, अंकित श्रीवास्तव, बाबल कुमार एवं कैलाश महतो को भी जाता है। इनके कुशल मार्गदर्शन, रणनीति और निरंतर प्रशिक्षण के बल पर टीम ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन किया।
इस उपलब्धि से पूरे झारखंड में हर्ष का माहौल है। खिलाड़ियों की इस सफलता ने यह साबित कर दिया कि प्रतिभा, अनुशासन और कठिन परिश्रम के बल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सफलता हासिल की जा सकती है। खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों की इस उपलब्धि पर खेल प्रेमियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी हैं।