ड्यूटी के दौरान कोलकर्मी की बिगड़ी तबीयत,  मौत आश्रित पुत्र को मिला प्रोविजनल नियोजन

 

ड्यूटी के दौरान कोलकर्मी की बिगड़ी तबीयत,  मौत

आश्रित पुत्र को मिला प्रोविजनल नियोजन

डीजे न्यूज, कतरास (धनबाद):
बीसीएल बरोरा एरिया-1 के एएमपी कोलियरी के मुराईडीह में क्रूमैन/ब्लास्टिंग पद पर कार्यरत जेनरल मजदूर मंटु महतो 56 वर्ष की मौत शनिवार को इलाज के दौरान धनबाद केंद्रीय अस्पताल में हो गई।

जानकारी के अनुसार मंटु महतो 30 जुलाई को ड्यूटी के दौरान बीमार पड़ गए थे। उन्हें आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। मंटु महतो मधुबन बस्ती के निवासी थे। उनके परिवार में पत्नी पुसिया देवी, 3 पुत्रियां और 1 पुत्र है।

मृतक के आश्रित को तत्काल प्रोविजनल नियोजन देने की मांग को लेकर शनिवार को परिजनों और संयुक्त मोर्चा के नेताओं ने मृतक का शव के साथ जीएम कार्यालय के समक्ष धरना पर बैठ गए। प्रबंधन द्वारा वार्ता नहीं करने पर आक्रोशित मोर्चा नेताओं ने जीएम कार्यालय का मुख्य गेट जाम कर दिया।

घंटों तक हंगामे के बाद जीएम केके सिंह के हस्तक्षेप से प्रबंधन और मोर्चा नेताओं के बीच वार्ता हुई। वार्ता में मृतक की पत्नी पुसिया देवी के आग्रह पर आश्रित पुत्र सुरज कुमार को तत्काल प्रोविजनल नियुक्ति पत्र सौंपा गया। साथ ही प्रबंधन ने अन्य देय राशि का भुगतान नियमानुसार करने का आश्वासन दिया।

वार्ता में एजीएम पंचम पांडेय, एपीएम अभिराज शेखर, क्षेत्रीय प्रबंधन अजय सिंह यादव, संतोष सिन्हा सहित मोर्चा नेता संतोष गोराई, उमाकांत राय, जेके झा, मंगल हेम्ब्रम, कुलदीप महतो, एनडी पांडेय, मुखिया बिरजू रवानी, पंसस राम प्रसाद रविदास, नवल किशोर महतो, भगतु महतो, संजय सिंह, हीरालाल महतो, देवानंद राजभर आदि उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top