एसडीपीओ के नेतृत्व में संयुक्त छापेमारी, सैकड़ों लीटर महुआ शराब और भारी मात्रा में जावा- महुआ नष्ट
डीजे न्यूज, तिसरी,गिरिडीह : खोरीमहुआ एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार के नेतृत्व में गावां और लोकाय नयनपुर थाना पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर अवैध देशी शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने गावां थाना क्षेत्र के डुमरझारा गांव में संचालित सोमर साव की अवैध देशी शराब भट्ठी समेत गांव की कई अन्य भट्ठियों पर छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सैकड़ों लीटर तैयार महुआ शराब जब्त कर नष्ट कर दी। वहीं शराब निर्माण के लिए बड़ी मात्रा में रखे गए जावा और महुआ को भी मौके पर नष्ट कर दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
बताया जाता है कि डुमरझारा और आसपास के गांवों में लंबे समय से अवैध रूप से देशी शराब का निर्माण किया जाता है। यहां तैयार शराब की खेप बिहार भेजकर तस्करी की जाती है। इस अवैध कारोबार से कई लोग जुड़े हुए हैं।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब निर्माण और तस्करी के खिलाफ आगे भी अभियान लगातार जारी रहेगा तथा इसमें संलिप्त लोगों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
छापेमारी अभियान में लोकाय नयनपुर थाना प्रभारी धीरेंद्र यादव, गावां थाना प्रभारी जयप्रकाश कुमार सहित दोनों थानों के पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल रहे।