जगजीवन नगर में 24 वर्षीय टोटो चालक की हत्या, तीन हिरासत में
पुरानी रंजिश के एंगल से जांच में जुटी पुलिस
डीजे न्यूज, धनबाद: सरायढेला थाना क्षेत्र स्थित जगजीवन नगर में शनिवार को 24 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक के परिजनों ने पुरानी रंजिश में चाकू और तलवार से हमला कर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को हिरासत में लिया है और पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
मृतक की पहचान करण कुमार राम के रूप में हुई है, जो टोटो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। परिजनों के अनुसार करण के पैर में चोट लगी थी, जिसके कारण वह कुछ दिनों से घर पर ही था। शनिवार सुबह वह रोज की तरह टहलने निकला था। आरोप है कि इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर कन्हाईलाल भट्टाचार्य और अन्य उसे जबरन अपने घर के अंदर ले गए, जहां उस पर चाकू और तलवार से हमला किया गया। साथ ही उसकी बेरहमी से पिटाई की गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन घायल करण को इलाज के लिए जेपी हॉस्पिटल ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही सरायढेला पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह, आपसी रंजिश और घटना में अन्य लोगों की संलिप्तता समेत सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण शांति है और पुलिस एहतियात के तौर पर स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।