कंप्यूटर ऑपरेटरों व चालकों के मानदेय के लिए उपायुक्त से करेंगे वार्ता : विशाल पांडेय
22 माह से कंप्यूटर ऑपरेटर और 32 माह से जीप चालक का मानदेय लंबित, भुगतान की मांग को लेकर बीडीओ को सौंपा ज्ञापन
डीजे न्यूज, टुंडी(धनबाद) : प्रखंड कार्यालय में लंबित मानदेय भुगतान की मांग को लेकर शनिवार को टुंडी प्रखंड कार्यालय के कंप्यूटर ऑपरेटरों एवं जीप चालक ने प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) विशाल कुमार पांडेय को ज्ञापन सौंपा। कर्मियों ने वर्षों से लंबित मानदेय का शीघ्र भुगतान कराने की मांग की।
ज्ञापन प्राप्त करने के बाद बीडीओ विशाल कुमार पांडेय ने कर्मियों को आश्वासन दिया कि वे इस संबंध में उपायुक्त से वार्ता कर यथाशीघ्र मानदेय भुगतान कराने का प्रयास करेंगे।
विदित हो कि टुंडी प्रखंड कार्यालय में कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटरों का पिछले 22 माह से तथा जीप चालक का 32 माह से मानदेय लंबित है। कर्मियों का कहना है कि लंबे समय से वेतन नहीं मिलने के कारण उनके समक्ष भुखमरी जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने जीवन का बहुमूल्य समय कार्यालय के कार्यों में लगाया है। अब उम्र के इस पड़ाव पर दूसरी जगह रोजगार तलाशना भी उनके लिए एक भयावह सपना बन चुका है। मजबूरी में वे प्रतिदिन पूरे समय कार्यालय में कार्य कर रहे हैं, लेकिन मानदेय नहीं मिलने से परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल ही नहीं, बल्कि नामुमकिन होता जा रहा है।
इसी उम्मीद के साथ सभी कर्मियों ने एकजुट होकर टुंडी बीडीओ को लंबित मानदेय के शीघ्र भुगतान की गुहार लगाई।
मौके पर दीपराज विश्वकर्मा, दिप नारायण मंडल, मनोज कुमार, राम लखन ओझा, मृतुन्जय प्रियदर्शी सहित अन्य कर्मी उपस्थित थे।