JPSC-JSSC भर्ती विवाद पर भाजयुमो का हल्ला बोल, छात्रों के समर्थन में समाहरणालय तक निकाला मार्च

JPSC-JSSC भर्ती विवाद पर भाजयुमो का हल्ला बोल, छात्रों के समर्थन में समाहरणालय तक निकाला मार्च

डीजे न्यूज, गिरिडीह : झारखंड में JPSC एवं JSSC भर्ती प्रक्रियाओं में सामने आए कथित घोटालों के विरोध और आंदोलनरत छात्रों के समर्थन में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) गिरिडीह महानगर के नेतृत्व में शनिवार को आक्रोश प्रदर्शन किया गया। कार्यकर्ताओं और छात्रों ने पपरवाटांड़ दुर्गा मंडा के समीप से समाहरणालय तक मार्च निकालते हुए राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की तथा उपायुक्त के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।

प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए, कथित घोटालों की निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए तथा युवाओं के साथ हुए अन्याय का शीघ्र समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि जब तक झारखंड के युवाओं को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक भाजयुमो का आंदोलन जारी रहेगा।

भाजयुमो के प्रदेश मंत्री संजीव कुमार ने कहा कि JPSC एवं JSSC भर्ती प्रक्रियाओं में सामने आए कथित घोटालों से लाखों अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है और मेहनती युवाओं का विश्वास टूटा है। वहीं भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य दिनेश प्रसाद यादव ने कहा कि युवाओं को पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया मिलना उनका अधिकार है तथा इसी मांग को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन किया जा रहा है।

जिला मंत्री सह सांसद प्रतिनिधि सुरेश प्रसाद मंडल ने राज्य सरकार पर युवाओं से किए गए रोजगार संबंधी वादों को पूरा नहीं करने का आरोप लगाया और भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की।

प्रदर्शन के बाद उपायुक्त, गिरिडीह के माध्यम से राज्यपाल महोदया के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में JPSC एवं JSSC भर्ती प्रक्रियाओं की उच्च स्तरीय जांच, दोषियों पर कठोर कार्रवाई, अभ्यर्थियों के साथ हुए अन्याय का समाधान तथा भविष्य में पारदर्शी और निष्पक्ष भर्ती व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई।

इस अवसर पर भाजपा एवं भाजयुमो के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में छात्र-युवा मौजूद रहे। इनमें प्रदेश कार्यसमिति सदस्य दिनेश यादव, जिला महामंत्री संदीप डंगाईच, जिला उपाध्यक्ष देवराज, संगीता सेठ, नवीन सिन्हा, जिला मंत्री सुरेश प्रसाद मंडल, पूर्व मेयर सुनील पासवान, पूर्व जिलाध्यक्ष महादेव दुबे, भाजयुमो प्रदेश मंत्री संजीव कुमार सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर छात्रों के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top