श्रावणी मेले में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 1060 किलो संदिग्ध खोया सील, मिलावटी खाद्य सामग्री नष्ट

श्रावणी मेले में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 1060 किलो संदिग्ध खोया सील, मिलावटी खाद्य सामग्री नष्ट

डीजे न्यूज, देवघर : श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग लगातार सघन जांच अभियान चला रहा है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया के निर्देश पर गठित टीमों ने जिले के विभिन्न होटल, रेस्टोरेंट, मिठाई दुकानों और खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण कर बड़ी कार्रवाई की।

निरीक्षण के दौरान घोरमारा, मोहनपुर स्थित ओम जी पेड़ा शॉप में पेड़ा निर्माण के लिए रखे गए लगभग 1060 किलोग्राम संदिग्ध खोया की गुणवत्ता पर संदेह होने पर पूरी खेप को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत मौके पर ही सील कर दिया गया। खोया के नमूने जांच के लिए अधिकृत प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अभियान के तहत मधुबन होटल, माधुरी होटल, सिंध होटल, होटल नीलकमल, कार्तिक फूड प्लाजा, कामधेनु होटल, रूफ टॉप रेस्टोरेंट, विक्रम चाट भंडार, वेदा इन-द विंटेज, होटल राज और बसुकी पकौड़ी चाट सहित कई प्रतिष्ठानों की जांच की गई। मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब के माध्यम से मिर्च पाउडर, हल्दी, पनीर, चाट, घुघनी और पकौड़ी की गुणवत्ता की जांच की गई।

जांच में रूफ टॉप रेस्टोरेंट के हल्दी पाउडर में प्रतिबंधित कृत्रिम रंग मेटानिल येलो की मिलावट मिली। साथ ही एक किलोग्राम एक्सपायरी सूजी भी बरामद हुई, जिसे तत्काल नष्ट करा दिया गया। वहीं विक्रम चाट भंडार की करीब 10 किलोग्राम चाट और बसुकी पकौड़ी चाट की करीब 10 किलोग्राम घुघनी में भी मेटानिल येलो पाया गया। इसके अलावा करीब पांच किलोग्राम पकौड़ी भी मौके पर ही नष्ट कराई गई।

हालांकि वेदा इन-द विंटेज और होटल राज में खाद्य सुरक्षा मानकों का संतोषजनक पालन पाया गया। विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 का कड़ाई से पालन करने का निर्देश देते हुए चेतावनी दी कि मिलावटी, असुरक्षित या एक्सपायरी खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण अथवा बिक्री करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने बताया कि श्रावणी मेला समाप्त होने तक जिलेभर में होटल, ढाबा, मिठाई दुकान, चाट विक्रेता, डेयरी प्रतिष्ठान और खाद्य गोदामों का नियमित निरीक्षण एवं खाद्य पदार्थों की जांच लगातार जारी रहेगी, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जा सके।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top