पूर्वी टुंडी के चेपकिया जलाशय की बंदोबस्ती बोर्ड उखाड़ फेंकने पर बवाल

पूर्वी टुंडी के चेपकिया जलाशय की बंदोबस्ती बोर्ड उखाड़ फेंकने पर बवाल

डीजे न्यूज, पूर्वी टुंडी, धनबाद : उकमा पंचायत अंतर्गत सोहनाद स्थित चेपकिया चेकडैम में मछली उत्पादन व कारोबार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला मत्स्य विभाग द्वारा बंदोबस्ती प्राप्त सहयोग समिति का गड़ा बोर्ड उखाड़ कर फेंक दिए जाने से दो पक्षों के बीच विवाद उत्पन्न हो गया है।यह मामला शुक्रवार को थाना पहुंच गया।          जानकारी के अनुसार उक्त चेकडैम की बंदोबस्ती 22 जुलाई को सोहनाद के बिरसा मुंडा मत्स्य जीवी सहयोग समिति को मिला है। बंदोबस्ती प्राप्त होने के बाद चेकडैम के मेढ़ पर समिति द्वारा गुरुवार को बोर्ड लगाया गया था। बोर्ड लगाने के समय समिति के सदस्यों के अलावा सोहनाद और शहरपुरा के दर्जनों लोग मौजूद थे। लेकिन रात को ही कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा बोर्ड को उखाड़ कर फेंक दिया गया। इसी बात को लेकर शुक्रवार को बिरसा मुंडा मत्स्य जीवी सहयोग समिति के सदस्य थाना पहुंचे और शहरपुरा गांव के कुछ नामजद लोगों के खिलाफ लिखित शिकायत की। सदस्यों ने बताया कि इस समिति में सोहनाद व शहरपुरा गांव के लगभग सभी लोग शामिल हैं। सिर्फ शहरपुरा गांव के आठ दस दबंग किस्म के लोग जिनको पूर्व में बंदोबस्ती मिली थी वे ही विरोध कर रहे हैं और जबरदस्ती दखल दे रहे हैं। सदस्यों का कहना है कि उन लोगों के द्वारा ही बोर्ड उखाड़ कर फेंक दिया गया है। साथ ही जान से मारने की धमकी तक दी जा रही है। समिति के सदस्यों ने आशंका जताई है कि भविष्य में ये लोग मछली उत्पादन में बाधक बन सकते हैं। मामले पर संज्ञान लेते हुए पूर्वी टुंडी थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने पुलिस दल को चेकडैम विवादित स्थल निरीक्षण के लिए भेजा। थानेदार ने बताया कि दोनों पक्षों को थाना बुलाया गया है। वहीं जिला मत्स्य पदाधिकारी उषा किरण ने बताया कि चेपकिया जलाशय की बंदोबस्ती हुई है। फिलहाल मुझे विवाद की जानकारी नहीं है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top