इंटर हाउस क्रिकेट प्रतियोगिता में येलो हाउस ने मारी बाजी
डीजे न्यूज, राजगंज(धनबाद): आरबीबी उच्च विद्यालय, राजगंज में शुक्रवार को विद्यालय स्तरीय इंटर हाउस क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में रेड हाउस, ग्रीन हाउस, येलो हाउस एवं व्हाइट हाउस की टीमों ने भाग लिया। मैच 6 ओवर के प्रारूप में खेला गया।
फाइनल मुकाबला येलो हाउस और ग्रीन हाउस के बीच खेला गया। ग्रीन हाउस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 48 रन बनाए। जवाब में येलो हाउस ने 5.4 ओवर में 6 विकेट खोकर 49 रन बनाते हुए रोमांचक जीत दर्ज की और प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया।
ग्रीन हाउस के कप्तान रमेश कुमार नापित तथा येलो हाउस के कप्तान कृष्णा महतो रहे। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए रमेश कुमार नापित को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया।
मुख्य अतिथि के रूप में बीपीओ बाघमारा की रिंकी कौर उपस्थित थीं। मैच का संचालन एवं अंपायरिंग पवन कुमार राय तथा निलेश कुमार ने किया।
विद्यालय परिवार ने विजेता टीम येलो हाउस को बधाई देते हुए सभी प्रतिभागी छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन एवं टीम भावना का विकास करती हैं।