विविध खबरें:-
प्रधानमंत्री का वर्चुअल संबोधन 02 अगस्त को
आईआईटी (आईएसएम) में होगा सीधा प्रसारण
डीजे न्यूज, धनबाद: युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में मेरा युवा भारत (MY Bharat) द्वारा “नशा मुक्त युवा – विकसित भारत संकल्प अभियान” देशव्यापी जनआंदोलन के रूप में संचालित किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य वर्ष 2047 तक नशा मुक्त भारत के निर्माण हेतु युवाओं को जागरूकता, स्वयंसेवा एवं जनभागीदारी के माध्यम से एकजुट करना है।
अभियान के अंतर्गत 2 अगस्त को देशभर में 10,000 से अधिक स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें लाखों युवा सहभागी होंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी युवाओं को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करेंगे तथा नशा मुक्त भारत के निर्माण हेतु युवाओं का मार्गदर्शन एवं आह्वान करेंगे।
इसी क्रम में धनबाद जिले में आईआईटी (आईएसएम), धनबाद को इस कार्यक्रम के प्रमुख आयोजन स्थल के रूप में चयनित किया गया है। आईआईटी (आईएसएम) के छात्र-छात्राओं के साथ-साथ जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए युवा, MY Bharat स्वयंसेवक, NSS स्वयंसेवक, युवा क्लबों के सदस्य 2 अगस्त को प्रातः 9:00 बजे आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के वर्चुअल संबोधन में सहभागिता करेंगे तथा सामूहिक रूप से “नशा मुक्ति शपथ” ग्रहण करेंगे।
अभियान के अंतर्गत MY Bharat द्वारा एक राष्ट्रव्यापी डिजिटल जनसहभागिता अभियान संचालित किया जा रहा है, जिसके माध्यम से 1 अगस्त 2026 तक MY Bharat पोर्टल (https://mybharat.gov.in) पर देशभर के युवाओं द्वारा “नशा मुक्त युवा – विकसित भारत” डिजिटल संकल्प लिया जा रहा है। डिजिटल संकल्प लेने वाले प्रत्येक प्रतिभागी को MY Bharat पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया जाएगा।
इस अवसर पर MY Bharat, धनबाद जिले के सभी युवाओं, विद्यार्थियों, स्वयंसेवकों एवं नागरिकों से अपील करता है कि वे अधिकाधिक संख्या में MY Bharat पोर्टल mybharat.gov.in पर जाकर “नशा मुक्त युवा – विकसित भारत” डिजिटल संकल्प लें तथा नशा मुक्त भारत निर्माण के इस राष्ट्रीय जनआंदोलन का सक्रिय हिस्सा बनें।
————————————–
स्थापना शाखा के सुरेश रविदास को दी भावभीनी विदाई
धनबाद: स्थापना शाखा में लंबे समय से अपनी सेवाएं दे रहे वरिष्ठ कर्मी सुरेश रविदास के सेवानिवृत्त होने पर जिला प्रशासन द्वारा समाहरणालय के सभागार में विदाई समारोह का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता प्रदीप कुमार शुक्ला, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर अरविंद कुमार ओझा सहित जिला प्रशासन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सुरेश रविदास की निष्ठावान तथा उत्कृष्ट सेवाओं की सराहना की। सुरेश रविदास ने पूरे कार्यकाल में ईमानदारी से अपने कर्तव्य का पालन किया है। जिला प्रशासन में उनकी पहचान कर्मयोगी के रूप में रही है।
समारोह के दौरान सुरेश रविदास को अंगवस्त्र, स्मृति चिह्न एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं अधिकारियों ने उनके कार्यकाल के दौरान उनके कार्य के प्रति समर्पण, अनुशासन और सौम्य व्यवहार को याद किया। उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके सुखी, समृद्ध, दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की मंगल कामना की गई।
विदाई समारोह में शांतनु सरकार, शौकत अली, रमेश तिवारी, आलोक झा के अलावा विभिन्न विभागों के कर्मी उपस्थित थे। सभी ने उन्हें भावी जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।