राज्य फुटबॉल में गिरिडीह का जलवा, चैंपियन और उपविजेता टीमों को उपायुक्त ने किया सम्मानित

राज्य फुटबॉल में गिरिडीह का जलवा, चैंपियन और उपविजेता टीमों को उपायुक्त ने किया सम्मानित

डीजे न्यूज, गिरिडीह : राज्य स्तरीय 2nd Little Champs Football Tournament 2026-27 में शानदार प्रदर्शन कर गिरिडीह जिले का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और शिक्षकों को बुधवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त रामनिवास यादव ने सम्मानित किया। इस अवसर पर खिलाड़ियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई तथा खेलों के माध्यम से अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास विकसित करने का संदेश दिया गया।

उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि किसी जिले की पहचान केवल विकास कार्यों से नहीं, बल्कि वहां के युवाओं और बच्चों की प्रतिभा से भी होती है। उन्होंने कहा कि गिरिडीह के खिलाड़ियों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर यह साबित कर दिया है कि जिले में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। यदि उन्हें बेहतर प्रशिक्षण, उचित मार्गदर्शन और अनुकूल वातावरण मिले तो वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी जिले एवं राज्य का नाम रोशन कर सकते हैं।

उन्होंने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, विद्यालय प्रबंधन और अभिभावकों को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन खेल प्रतिभाओं के सर्वांगीण विकास के लिए हरसंभव सहयोग और प्रोत्साहन उपलब्ध कराता रहेगा।

गौरतलब है कि झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची द्वारा 23 से 25 जुलाई 2026 तक आयोजित 2nd Little Champs Football Tournament 2026-27 में राज्य के सभी 24 जिलों की अंडर-12 बालक एवं बालिका टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में संत जॉन ब्रिटो मध्य विद्यालय, महेशमुंडा (गांडेय) की बालक टीम ने फाइनल में निस्फीडा मध्य विद्यालय, बगोदर को 1-0 से हराकर राज्य चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। वहीं निस्फीडा मध्य विद्यालय, बगोदर की बालिका टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का खिताब अपने नाम किया।

व्यक्तिगत पुरस्कारों में बालक वर्ग में संजय हेंब्रम को प्लेयर ऑफ द मैच तथा नीतीश मरांडी को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। वहीं बालिका वर्ग में अनु कुमारी को प्लेयर ऑफ द मैच के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने कहा कि खेल बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण का सशक्त माध्यम है। खेल से अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। उन्होंने खिलाड़ियों से निरंतर अभ्यास, समर्पण और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अंजना भारती, जिला नजारत उप समाहर्ता आशुतोष ठाकुर, जिला शिक्षा अधीक्षक सहित शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top