ट्रैफिक व्यवस्था की एसएसपी ने की समीक्षा, अधिकारियों व जवानों को दिए निर्देश
गोविंदपुर और बैंकमोड़ में जाम पर जताई चिंता, कहा-अनावश्यक जाम से राहत दिलाना प्राथमिकता
डीजे न्यूज, धनबाद : एसएसपी प्रभात कुमार ने पुलिस केंद्र में ट्रैफिक पदाधिकारियों एवं जवानों को ब्रीफ किया। इस दौरान उन्होंने जिले की यातायात व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा भी की। इस दौरान उन्होंने शहर में ट्रैफिक संचालन को अधिक सुचारु एवं व्यवस्थित बनाने, यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने तथा आम नागरिकों के साथ शालीन एवं सम्मानजनक व्यवहार करने का निर्देश दिया।
ब्रिफिंग के दौरान एसएसपी ने विशेष रूप से गोविंदपुर में निर्माण कार्य के कारण उत्पन्न हो रही जाम की समस्या पर चिंता व्यक्त की। साथ ही अधिकारियों को प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन करने, अतिक्रमण हटाने तथा यातायात बाधित करने वाले कारणों को तत्काल दूर करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आम लोगों को अनावश्यक जाम से राहत दिलाना पुलिस की प्राथमिकता है। इसके अलावा बैंक मोड़ क्षेत्र में लगातार लगने वाले जाम की समस्या को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने वहां अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती करने तथा ट्रैफिक प्रबंधन को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए ताकि लोगों को निर्बाध आवागमन की सुविधा मिल सके। बरसात के मौसम में ड्यूटी के दौरान ट्रैफिक जवानों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उनके बीच 200 रेनकोट का वितरण किया गया। एसएसपी महोदय ने कहा कि इससे जवानों को प्रतिकूल मौसम में भी अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने में सुविधा होगी।
ब्रिफिंग के दौरान सिटी एसपी रित्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस मोहम्मद याकूब, ट्रैफिक डीएसपी श्री रोहित कुमार साव, ट्रैफिक थाना प्रभारी जय प्रकाश सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं ट्रैफिक जवान उपस्थित थे।