नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस, तस्करी और अवैध खेती पर कड़ी कार्रवाई होगी : उपायुक्त रामनिवास यादव

नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस, तस्करी और अवैध खेती पर कड़ी कार्रवाई होगी : उपायुक्त रामनिवास यादव

डीजे न्यूज, गिरिडीह : उपायुक्त रामनिवास यादव की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय सभागार में (NCORD) समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध खेती, नशीली दवाओं के दुरुपयोग तथा इनके प्रभावी नियंत्रण के लिए विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि नशीले पदार्थों की बिक्री, सेवन, तस्करी एवं अवैध खेती के विरुद्ध जिला प्रशासन की जीरो टॉलरेंस नीति है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने तथा अफीम अथवा अन्य प्रतिबंधित मादक फसलों की खेती की सूचना मिलने पर तत्काल विनष्टीकरण की कार्रवाई करते हुए इसमें संलिप्त व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने कहा कि मादक पदार्थों के दुरुपयोग की रोकथाम केवल प्रवर्तन कार्रवाई से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए सभी विभागों के बीच प्रभावी समन्वय एवं समाज की सक्रिय भागीदारी भी आवश्यक है। उन्होंने पुलिस, स्वास्थ्य, शिक्षा, औषधि नियंत्रण एवं अन्य संबंधित विभागों को संयुक्त रूप से कार्य करते हुए नशा उन्मूलन अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान औषधि निरीक्षक को निर्देशित किया गया कि नशीली दवाओं के भंडारण एवं वितरण की नियमित निगरानी सुनिश्चित करें। दवाओं की बिक्री केवल चिकित्सकीय पर्ची के आधार पर ही हो तथा इसकी समुचित अभिलेखीय व्यवस्था बनाए रखें। साथ ही अवैध रूप से चिकित्सकीय गतिविधियों में संलिप्त झोलाछाप चिकित्सकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

विद्यालयों से हाट-बाजार तक चलेगा जनजागरण अभियान

बैठक में उपायुक्त ने जिले में संचालित नशा विरोधी जन-जागरूकता अभियान की समीक्षा करते हुए कहा कि नशा मुक्त समाज का निर्माण जनभागीदारी से ही संभव है। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों, महाविद्यालयों तथा शैक्षणिक संस्थानों में नियमित रूप से एंटी-ड्रग जागरूकता शिविर (Anti Drug Camp) आयोजित किए जाएं, ताकि विद्यार्थियों एवं युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा सके।

बैठक में पुलिस अधीक्षक, अपर समाहर्ता, सिविल सर्जन, सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top