लायंस क्लब ने जनसेवा का किया सम्मान, मुखिया शब्बीर आलम बने सदस्य
डीजे न्यूज, गिरिडीह : गिरिडीह प्रखंड के तेलोडीह पंचायत के मुखिया एवं प्रखंड मुखिया संघ के अध्यक्ष शब्बीर आलम ने लायंस इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 322A के रीजन-5 की सदस्यता ग्रहण कर सामाजिक सेवा के क्षेत्र में नई जिम्मेदारी संभाली है। जनसेवा और समाजहित में किए गए उनके कार्यों से प्रभावित होकर लायंस क्लब ने उन्हें सदस्य बनने के लिए आमंत्रित किया था।
रविवार को गिरिडीह के सिरसिया स्थित सेलिब्रेशन मैरिज हॉल में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि एवं डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन शुभ्रा मजूमदार ने उन्हें औपचारिक रूप से लायंस क्लब की सदस्यता दिलाई।
शब्बीर आलम ने मुखिया के रूप में अपनी पंचायत में स्वास्थ्य, स्वच्छता और जनकल्याण से जुड़े कई उल्लेखनीय कार्य किए हैं। उनके नेतृत्व में तेलोडीह पंचायत ने स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के हाथों जिले में प्रथम स्थान का पुरस्कार प्राप्त किया था।
कार्यक्रम में क्लब पदाधिकारियों ने कहा कि समाजसेवा के प्रति समर्पित व्यक्तियों के जुड़ने से संगठन की सेवा गतिविधियों को नई ऊर्जा और मजबूती मिलती है।
सदस्यता ग्रहण करने के बाद शब्बीर आलम ने कहा कि जनसेवा उनके जीवन का उद्देश्य रही है। लायंस क्लब जैसे अंतरराष्ट्रीय सेवा संगठन से जुड़कर जरूरतमंद लोगों के लिए और अधिक व्यापक स्तर पर कार्य करने का अवसर मिलेगा, जो उनके लिए सम्मान और जिम्मेदारी दोनों है।
कार्यक्रम में रीजन-5 के 13 क्लबों के अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष सहित 60 से अधिक पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता रीजन चेयरपर्सन लायन धर्म प्रकाश ने की, जबकि संचालन जीएलटी कोऑर्डिनेटर लायन राहुल वर्मा ने किया।