विधिक सशक्तिकरण शिविर में योजनाओं की बरसी सौगात, किसानों, श्रमिकों, छात्रों व पेंशनधारियों को मिला लाभ
डीजे न्यूज, गिरिडीह : झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (झालसा), रांची के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए), गिरिडीह द्वारा रविवार को सदर प्रखंड कार्यालय परिसर में विधिक सशक्तिकरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आमजनों को नि:शुल्क कानूनी सहायता, उनके अधिकारों और सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही विभिन्न योजनाओं के लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों एवं स्वीकृति पत्रों का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार सह सब जज सफदर अली नायर, मजिस्ट्रेट सह मुंसिफ मुसरत जीयातारा, चीफ एलएडीसी सय्यद नजमुल हसन, सहायक एलएडीसी रंजीव कुमार रंजीव, पीएलवी, सांसद प्रतिनिधि एवं विधायक प्रतिनिधि सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति को नि:शुल्क कानूनी सहायता प्राप्त करने का अधिकार है। उन्होंने लोगों से केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने तथा किसी भी कानूनी समस्या की स्थिति में जिला विधिक सेवा प्राधिकार से संपर्क करने की अपील की।
शिविर में सदर प्रखंड प्रमुख पूनम देवी, उप प्रमुख सौरभ कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी गणेश रजक, अंचल पदाधिकारी जितेंद्र प्रसाद, विश्व सूत्री सदस्य दिलीप रजक, सांसद प्रतिनिधि सुरेश मंडल, प्रधान मुर्मू सहित प्रखंड एवं अंचल के अधिकारी-कर्मी उपस्थित रहे।
इस दौरान कृषि विभाग ने 50 किसानों के बीच मक्का के बीज का वितरण किया। मनरेगा के तहत 100 दिनों का कार्य पूरा करने वाले श्रमिकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पांच लाभुकों को स्वीकृति पत्र सौंपे गए।
इसके अलावा सर्वजन पेंशन योजना के सात लाभुकों को ₹7-7 हजार के चेक, 10 विधवा पेंशन लाभुकों को ₹10-10 हजार के चेक प्रदान किए गए। वहीं 40 स्कूली छात्र-छात्राओं को साइकिल वितरित कर उन्हें शिक्षा के लिए प्रोत्साहित किया गया।
शिविर में कानूनी जागरूकता के साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत लाखों रुपये की परिसंपत्तियों का वितरण किया गया। उपस्थित लोगों ने इस आयोजन को जनहित में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए इसकी सराहना की।