बाघमारा में शिक्षकों का चार दिवसीय ‘प्रोजेक्ट इम्पैक्ट’ प्रशिक्षण संपन्न
डीजे न्यूज, कतरास (धनबाद):
बाघमारा प्रखंड के राजकीयकृत मध्य विद्यालय नावागढ़ में शिक्षकों के लिए आयोजित चार दिवसीय ‘प्रोजेक्ट इम्पैक्ट’ प्रशिक्षण गुरुवार को संपन्न हो गया। प्रखंड के सभी मध्य, उच्च, उच्चतर माध्यमिक एवं आवासीय विद्यालयों के प्रभारी प्रधानाध्यापक, सहायक शिक्षक, प्रखंड एवं संकुल साधन सेवियों को प्रशिक्षण दिया गया। पूरे प्रखंड को 4 बैच में बांटकर प्रशिक्षण कराया गया। प्रशिक्षक धनपाल सिंह, कपिल कुमार शर्मा, मुन्ना कुमार एवं बृजेश चौबे ने अलग-अलग बैच को प्रशिक्षित किया। प्रशिक्षण में डीएमएफटी, सीएसआर एवं अन्य मदों से विद्यालयों में हो रहे आधारभूत संरचना सुधार और सामग्री आपूर्ति की जानकारी दी गई। आपूर्ति सामग्री के सदुपयोग और रख-रखाव पर जोर दिया गया। शिक्षकों को नो कॉस्ट एवं लो कॉस्ट उपायों से विद्यालय विकास करने को कहा गया। प्रशिक्षण के बाद 200 अंक का मूल्यांकन होगा। 180 अंक लाने वाले विद्यालयों को हाई कॉस्ट मद से सर्वांगीण विकास के लिए चयनित किया जाएगा।