जंतर-मंतर लाठीचार्ज के विरोध में गिरिडीह में झामुमो का प्रदर्शन, केन्द्र सरकार का पुतला दहन
डीजे न्यूज, गिरिडीह : देश की राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं पर हुए कथित लाठीचार्ज और अभद्र व्यवहार के विरोध में गुरुवार को गिरिडीह के टावर चौक पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने केन्द्र सरकार का पुतला दहन किया।
इससे पूर्व झामुमो के जिला कार्यालय से कार्यकर्ताओं और झारखंड छात्र मोर्चा के सदस्यों ने जुलूस निकाला। नारेबाजी करते हुए सभी टावर चौक पहुंचे, जहां प्रदर्शन किया गया। जुलूस का नेतृत्व झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह कर रहे थे।
मौके पर संजय सिंह ने कहा कि भाजपा एक ओर बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का नारा देती है, वहीं दूसरी ओर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रही बेटियों के साथ पुलिस द्वारा अभद्र व्यवहार किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्राओं के साथ अमानवीय व्यवहार हुआ, जिसे देश कभी बर्दाश्त नहीं करेगा।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करना सभी का संवैधानिक अधिकार है। छात्र-छात्राओं पर हुए लाठीचार्ज से पूरे देश में आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि छात्रों को न्याय नहीं मिला तो झामुमो चरणबद्ध आंदोलन करने को बाध्य होगी।
महापौर प्रमिला मेहरा ने कहा कि बेटियों के साथ अन्याय किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इसके खिलाफ आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी। वहीं जमुआ के पूर्व विधायक केदार हाजरा ने कहा कि जंतर-मंतर की घटना से पूरा देश शर्मसार हुआ है।
प्रदर्शन में झामुमो के जिला सचिव महालाल सोरेन, जिला उपाध्यक्ष अजित कुमार पप्पु, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष कोलेश्वर सोरेन, जिला प्रवक्ता कृष्ण मुरारी शर्मा, नगर अध्यक्ष राकेश कुमार रॉकी, छात्र मोर्चा जिलाध्यक्ष अभय कुमार, महिला मोर्चा की प्रमिला कुमारी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे।