नगर निगम कतरास अंचल कार्यालय में जनसुनवाई का आयोजन
निर्माण कार्य की गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं: नगर आयुक्त
डीजे न्यूज, कतरास (धनबाद):
धनबाद नगर निगम की ओर से कतरास अंचल कार्यालय गुहीबांध में गुरुवार को जनसुनवाई शिविर का आयोजन किया गया।
कतरास निवासी नवीन कुमार गुप्ता ने अपने पिता की मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गत करने की मांग करते हुए कहा पिछले 7 महीनों से वह लगातार इसके लिए चक्कर लगा रहा हैं।
शिविर में जलजमाव और घटिया नाली निर्माण की शिकायतें छाई रहीं। वार्ड नंबर 1 के सिंह बस्ती में बन रहे नाली निर्माण की घटिया गुणवत्ता का मामला उठने पर नगर आयुक्त आशीष गंगवार ने सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। सिंह बस्ती में प्रयुक्त निर्माण सामग्री के नमूनों को बीआइटी सिंदरी के लैब में जाँच के लिए भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कतरास हटिया और आसपास के प्रमुख इलाकों में बढ़ते अतिक्रमण पर नगर आयुक्त ने कहा कि अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया पूरी तत्परता के साथ जारी है। वहीं, नालियों में जाम की समस्या पर आम जनता से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि लोग प्लास्टिक और कचरा नालियों में न फेंकें, ताकि जल निकासी में कोई बाधा न आए।
कार्यक्रम के दौरान नगर निगम की ओर से सफाई कर्मियों को जूते, रेनकोट, हेलमेट, ग्लब्स एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा सामग्री वितरित की गई। साथ ही, कई आवेदकों को ऑन-द-स्पॉट जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए।
इस अवसर पर सहायक नगर आयुक्त प्रसून कौशिक, सहायक नगर आयुक्त शिखा कुमारी, नगर प्रबंधक साबिर आलम, रेवेन्यू इंस्पेक्टर सचिन कुमार, बड़ा बाबू राकेश कुमार सिन्हा, वार्ड 3 पार्षद प्रतिनिधि विनायक गुप्ता, पार्षद मो. शहाबुद्दीन, पार्षद छोटू सिंह, पार्षद निरुपमा देवी, पार्षद डॉ मधुमाला, भाजपा कतरास मंडल अध्यक्ष सूर्यदेव मिश्रा और महेश पासवान सहित भारी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद थे।