जिला एवं प्रखंड समन्वयकों को कार्यप्रणाली सुधारने का दिया अंतिम मौका
डीजे न्यूज, धनबाद: उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने स्वच्छ भारत मिशन के जिला एवं सभी प्रखंड समन्वयकों द्वारा उनके कार्य के प्रति उदासीनता बरतने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्हें सुधार करने का अंतिम मौका दिया। उप विकास आयुक्त गुरुवार को स्वच्छ भारत मिशन एवं जल जीवन मिशन की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा कर रहे थे।
समीक्षा के दौरान उप विकास आयुक्त ने प्रखंड समन्वयकों से पंचायतों में सेग्रीगेशन शेड निर्माण की प्रगति की जब जानकारी मांगी तब बैठक में उपस्थित प्रखंड विकास पदाधिकारियों ने बताया की इस संबंध में प्रखंड समन्वयकों ने उनसे कोई चर्चा नहीं की है। इस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए उन्होंने सभी प्राखंड समन्वयकों एवं जिला समन्वयकों को अपनी कार्य प्रणाली में सुधार लाने का अंतिम मौका दिया। उन्होंने कहा कि यदि 10 दिन में इसमें प्रगति नहीं आएगी तो नई टीम की नियुक्ति की जायेगी।
बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त ने प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट, सेनेटरी पार्क, सांसद आदर्श ग्राम योजना, पीएम जनमन, ओडीएफ प्लस, मॉडल कम्युनिटी सेनेटरी कंपलेक्स, मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन, धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान सहित अन्य योजनाओं की समीक्षा की।
उप विकास आयुक्त ने जिला समन्वयकों को प्रतिदिन प्रखंड समन्वयकों के कार्यों की समीक्षा करने तथा सभी लंबित कार्यों को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया।
इस बैठक के बाद उन्होंने जल जीवन मिशन के तहत संचालित कार्यों की समीक्षा की। जिसमें जिले में चल रही योजनाओं की प्रगति, हर घर जल प्रमाण-पत्र की स्थिति तथा लंबित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
उन्होंने सभी कनीय अभियंताओं को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने कार्यक्षेत्र में व्यापक सर्वेक्षण कर यह सुनिश्चित करें कि कोई भी योग्य परिवार जल जीवन मिशन योजना से वंचित न रहे। साथ ही जिन क्षेत्रों में हर घर जल प्रमाण-पत्र जारी करने के लिए आवश्यक मानदंड पूरे नहीं हुए हैं, वहां प्राथमिकता के आधार पर काम पूरा करते हुए अगले 7 दिनों के भीतर सभी लंबित मामलों का निष्पादन कर प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक कनीय अभियंता अपने क्षेत्र में नियमित रूप से निरीक्षण करें तथा कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति की सतत निगरानी रखें, ताकि जल जीवन मिशन के उद्देश्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा किया जा सके।
बैठक में उप विकास आयुक्त सन्नी राज, पीएचईडी 2 के कार्यपालक अभियंता मुकेश कुमार मंडल, जिला पंचायती राज पदाधिकारी सुशांत मुखर्जी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी स्नेह कश्यप, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी अंचल अधिकारी व अन्य लोग मौजूद थे।