कार्य में विलंब होने पर संवेदक को लगाई कड़ी फटकार
डीजे न्यूज, धनबाद: उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने गुरुवार को सदर अस्पताल एवं सिविल सर्जन कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान कार्यालय एवं परिसर को सुव्यवस्थित एवं व्यवस्थित ढंग से रखने का निर्देश दिया।
उन्होंने सदर अस्पताल परिसर में भवन निर्माण विभाग द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा की। कार्य में विलंब पाए जाने पर उन्होंने संवेदक को कड़ी फटकार लगाते हुए कार्य को निर्धारित समय सीमा के अंदर शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया। साथ ही, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता एवं संवेदक को नियमित निगरानी करते हुए कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।
उप विकास आयुक्त ने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने डीपीएम को नगर निगम के साथ समन्वय स्थापित कर नियमित रूप से अस्पताल परिसर की साफ-सफाई सुनिश्चित करने एवं परिसर को स्वच्छ, सुरक्षित तथा मरीजों एवं आमजनों के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान नव निर्मित पार्किंग शेड का भी अवलोकन किया गया तथा सहायक अभियंता से पार्किंग व्यवस्था को सुगम एवं व्यवस्थित बनाने के लिए विस्तृत चर्चा की गई। ताकि मरीजों के साथ आने वाले परिजनों एवं आमजनों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। संबंधित अधिकारियों एवं संवेदक को पार्किंग शेड का कार्य शीघ्र पूर्ण कर उपयोग में लाने का निर्देश दिया गया।
उप विकास आयुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को सभी कार्यों की नियमित निगरानी करने, गुणवत्ता एवं समयबद्धता का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया।