गिरिडीह-चित्तरडीह मुख्य मार्ग पर भीषण हादसा, ट्रैक्टर की टक्कर से दो छात्र गंभीर रूप से घायल 

गिरिडीह-चित्तरडीह मुख्य मार्ग पर भीषण हादसा, ट्रैक्टर की टक्कर से दो छात्र गंभीर रूप से घायल 

डीजे न्यूज, गिरिडीह : गुरुवार की सुबह गिरिडीह-चित्तरडीह मुख्य मार्ग पर परसाटांड़ के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार दो छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 8 बजे सुंदरटांड़ निवासी किशोरी राणा तथा रजपुरा निवासी एक छात्र, जो मोहन दास का नाती बताया जा रहा है, बाइक से राजपुरा उत्क्रमित मध्य विद्यालय जा रहे थे। इसी दौरान परसाटांड़ के पास तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों छात्र सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया।

इधर, गिरिडीह-चित्तरडीह मुख्य मार्ग पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं से स्थानीय लोगों में दहशत और आक्रोश का माहौल है। लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही और यातायात नियमों की अनदेखी के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस सड़क पर गति नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने, नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने और आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top