धनबाद के समग्र विकास को रणधीर वर्मा चौक पर धरना
धनबाद विकास मंच ने जारी किया 23 सूत्री मांगपत्र
डीजे न्यूज, धनबाद: धनबाद के समग्र विकास और जनसुविधाओं के विस्तार को लेकर धनबाद विकास मंच के तत्वावधान में बुधवार को रणधीर वर्मा चौक पर जनसभा एवं धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक, व्यावसायिक एवं राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में शहरवासियों ने भाग लिया। सभी ने एक स्वर में कहा कि देश की कोयला राजधानी धनबाद आज भी बुनियादी सुविधाओं और विकास के कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में उपेक्षित है। अब समय आ गया है कि धनबाद को उसकी पहचान और योगदान के अनुरूप विकास का अधिकार मिले।
कार्यक्रम के दौरान मंच द्वारा 23 सूत्री मांग-पत्र जारी किया गया, जिसमें रेल, हवाई सेवा, स्वास्थ्य, शिक्षा, उद्योग, रोजगार, सड़क, खेल, आईटी, ट्रैफिक व्यवस्था तथा शहरी आधारभूत संरचना से जुड़ी प्रमुख मांगों को सरकार एवं प्रशासन के समक्ष रखा गया। मंच ने मांग की कि धनबाद से मुंबई, बेंगलुरु, दिल्ली, चेन्नई तथा रांची-कटिहार के लिए नई ट्रेनों का परिचालन शुरू किया जाए। धनबाद-वाराणसी एवं धनबाद-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस की शुरुआत हो। तोपचांची क्षेत्र में शीघ्र एयरपोर्ट का निर्माण किया जाए। सेंट्रल अस्पताल को सुपर स्पेशलिटी अस्पताल तथा सदर अस्पताल को मेडिकल कॉलेज के रूप में विकसित किया जाए। आईआईटी (आईएसएम) के विस्तार कार्य में तेजी लाई जाए और अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम बनाया जाए।इसके साथ ही धनबाद में आईटी पार्क को शीघ्र चालू करने, रोजगार सृजन हेतु नए उद्योग स्थापित करने, आधुनिक ट्रॉमा सेंटर की स्थापना, टीसीएस द्वारा तैयार कॉम्प्रिहेंसिव मोबिलिटी प्लान को लागू करने, रिंग रोड परियोजना का शीघ्र निर्माण शुरू करने, आउटसोर्सिंग कंपनियों द्वारा बनाए गए कृत्रिम पहाड़ों का समतलीकरण तथा सोलर प्लांट की स्थापना जैसी मांगों को भी प्रमुखता से उठाया गया।सभा के दौरान नागरिकों ने हाथों में तख्तियां लेकर धनबाद के विकास के समर्थन में जोरदार प्रदर्शन किया। मंच का कहना था कि धनबाद देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देता है, लेकिन विकास के मामले में लगातार उपेक्षा का शिकार रहा है। यदि सरकार इन जनहित की मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है, तो धनबाद विकास मंच जनआंदोलन को और व्यापक एवं मजबूत करेगा।इस अवसर पर मेयर संजीव सिंह, जमशेदपुर के विधायक सरयू राय, विधायक अरूप चटर्जी, विधायक चंद्रदेव महतो, पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल, विजय झा, लक्ष्मी सोरेन, नीलम मिश्रा, वैभव सिंहा , एहसान कुरैशी,बिंदा पासवान,मेराज खान, जुबेर आलम, मोहम्मद एजाजआगम राम, शेख रहीम, बादल बाउरि,टुटुन मुखर्जी ,मंटू चौहान, प्रवीन गोधा, नवीन डालमिया, ड० एन के सिंह, अजय अग्रवाल, संजय शर्मा, प्रभास मिश्रा, प्रकाश सिंह, सम्राट चौधरी, राणा चट्टराज, दिनेश मंडल, नागेंद्र राय, रामजी यादव, रोशन मिश्रा, पशुपतिनाथ सिंह, राजीव निरंजन राय, कल्याण चक्रवर्ती, दिलीप तिवारी, सहित अनेक गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।धनबाद विकास मंच ने सभी जनप्रतिनिधियों एवं सरकार से अपील की कि धनबाद के उज्ज्वल भविष्य, युवाओं के रोजगार, बेहतर स्वास्थ्य, आधुनिक शिक्षा और समग्र विकास के लिए 23 सूत्री मांगों पर अविलंब सकारात्मक कार्रवाई की जाए, ताकि कोयला राजधानी धनबाद को देश में “विकास की राजधानी” के रूप में नई पहचान मिल सके।