कांको में घर के बाहर खड़े टोटो से बैटरी चोरी, 45 हजार की संपत्ति पर हाथ साफ
डीजे न्यूज, राजगंज(धनबाद) : कांको (बरवाडीह) निवासी विजय महतो के घर के बाहर गली में खड़े टोटो से सोमवार की रात अज्ञात चोरों ने बैटरी चोरी कर ली। घटना का पता मंगलवार सुबह तब चला, जब विजय महतो रोज की तरह वाहन निकालने पहुंचे। टोटो की बैटरी गायब देखकर उनके होश उड़ गए।
भुक्तभोगी विजय महतो ने बताया कि चोरी गई बैटरी की कीमत करीब 45 हजार रुपये है। घटना के बाद उन्होंने राजगंज थाना में लिखित शिकायत देकर मामले की जांच और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच में जुट गई है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए रात में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।