राजगंज में मोबाइल लीगल सर्विसेज शिविर आयोजित, ग्रामीणों को निःशुल्क कानूनी सहायता की जानकारी

राजगंज में मोबाइल लीगल सर्विसेज शिविर आयोजित, ग्रामीणों को निःशुल्क कानूनी सहायता की जानकारी
डीजे न्यूज, राजगंज(धनबाद) : राजगंज पंचायत सचिवालय में 90 डेज आउटरीच प्रोग्राम के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा मोबाइल लीगल सर्विसेज शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों तक निःशुल्क कानूनी सहायता और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुँचाना था।
एलएडीसीएस के असिस्टेंट कन्हैया ठाकुर ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि आर्थिक तंगी के कारण जो लोग अदालत तक नहीं पहुँच पाते हैं, उनके घर तक डालसा की सेवाएँ पहुँचाई जाएँगी। उन्होंने निःशुल्क अधिवक्ता प्राप्त करने की प्रक्रिया, कानूनी सलाह तथा विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
अधिकार मित्र लक्ष्मी कुमारी ने उपस्थित लोगों को निःशुल्क विधिक सेवाओं, आपातकालीन सहायता और टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबरों के बारे में जागरूक किया तथा जरूरत पड़ने पर इन सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की।
शिविर का उद्घाटन पंचायत की मुखिया बंदना बारूई ने किया। इस अवसर पर पंचायत सचिव आकाश कुमार, कौशल्या देवी, दीपक प्रमाणिक, बबलु राय, दिपाली दत्ता, संजय राम माहुरी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top